पुलिस ने भारतीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को पाक भेजने के आरोप में एक सेना के जवान को किया गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर की 6 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिपाही मलकीयत सिंह को घिंरडा थाना पुलिस ने वीरवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल, सेना की मूवमेंट डिटेल्स, कुछ फोटोग्राफ, भारतीय फौज का ट्रेनिंग मेनुअल, सेना के इलाकों की खुफिया जानकारियां और कुछ नक्शे बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपित ISI के साथ-साथ भारत-पाक सीमा के साथ सटे गांवों में रहने वाले तस्करों के साथ भी संपर्क में था। एसएसपी देहाती विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि आरोपित मलकीयत सिंह से पूछताछ की जा रही है। उक्त जानकारियां उसे प्राथमिक जांच में बताई हैं। फिलहाल आरोपित को कोर्ट पेश किया जाएगा। 

घिंरडा थाना के तहत महावा गांव का रहने वालाा बलदेव सिंह का बेटा मलकीयत सिंह सेना में नौकरी कर रहा है। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर में 6 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात है और कुछ दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव पहुंचा है। पुलिस की खुफिया शाखा को सूचना मिली थी कि मलकीयत सिंह सेना के कुछ दस्तावेजों को अमृतसर और अजनाला सेक्टर के माध्यम से पाकिस्तान की खतरनाक एजेंसी ISI को सौंपने वाला है। इससे देश की सेना को काफी खतरा हो सकता है।

इसी आधार पर पुलिस ने महावा गांव में ही ट्रेप लगाकर आरोपित को धर लिया। तलाशी के दौरान मलकीयत सिंह के कब्जे से तीन मोबाइल, सेना की मूवमेंट डिटेल्स, कुछ फोटोग्राफ, भारतीय फौज का ट्रेनिंग मेनुअल, सेना के इलाकों की खुफिया जानकारियां और कुछ नक्शे बरामद किए।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया है कि वह पिछले डेढ़ साल से सोशल मीडिया के जरिए ISI के किसी एजेंट के संपर्क में आया था। इसके बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए उनसे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। उसी एजेंट के जरिए उसे (मलकीयत सिंह) दोनों देशों की सीमाओं पर बसे गांवों में रहने वाले तस्करों के नाम मिले। जिनके जरिए वह आने वाले दिनों में हेरोइन, जाली करंसी और हथियारों की तस्करी को अंजाम देने वाला था।

मोबाइल खंगाल रही पुलिस

आरोपित के साथियों का पता लगाने के लिए घिंरडा थाने की पुलिस ने मलकीयत सिंह के तीनों मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपित के मोबाइल की पिछले एक साल की डिटेल्स निकलवाने वाली है, ताकि पता लगाया जा सके कि वह किन लोगों के संपर्क में रहकर देश को नुकसान पहुंचाने वाला था। पता लगाया जा रहा है कि उसे उक्त काम के कितने पैसे मिलने थे और किस रास्ते से मिलने थे।

खुफिया एजेंसियां भी कर रहीं पूछताछ

पाक एजेंट की गिरफ्तारी के बाद देश की सुरक्षा में जुटी भारतीय खुफियां एजेंसियों के अधिकारी भी आरोपित मलकीयत सिंह से पूछताछ के लिए घिंरडा थाने पहुंच गए। वीरवार शाम को दर्जनभर खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों का थाने में तांता लगा रहा, ताकि आरोपित को इंटेरोगेट कर ज्यादा से ज्यादा जानकारियों को साझा किया जा सके।

Back to top button