पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हुआ कैदी

महम। निंदाना गांव में युवक पर घर में घुसकर फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी को पुलिस अदालत में पेशी पर लेकर आई थी।

बता दें कि 25 फरवरी को गांव निंदाना में अमित पुत्र रणबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गांव के ही विकास उर्फ विक्की, जयबीर और सचिन उर्फ सिल्ली ने उसके घर में घुसकर फायरिंग की थी। संयोग से वह बच गया और गोलियां खिड़की-दरवाजों को भेदते हुए निकल गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर हिसार जेल में भेज दिया था।
ये भी पढ़े: हुडा सेक्टरों में नया बिल्डिंग कोड हुआ लागू 80 हजार से अधिक प्लॉटधारकों को फायदा
बृहस्पतिवार को इस मामले में तीनों की महम अदालत में पेशी थी। महम थाना से एएसआइ सज्जन के नेतृत्व में पुलिस आरोपियों को पेशी पर महम अदालत में पेशी पर लेकर आई थी। दोपहर बारह बजे के बाद आरोपियों को पेशी के बाद वापस हिसार के लिए ले जाने लगी तो विकास उर्फ विक्की पुलिस कर्मी से हाथ छुड़ाकर फरार हो गया।
उधर, पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। महम थाने में फरार आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।





