पति से झगड़े के बाद 2 बेटियों को पत्नी ने दिया जहर, फिर की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पति से झगड़ा होने के बाद एक विवाहिता अपनी दो मासूम बेटियों को जहर देने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शव बरामद कर लिए. इस संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया.
घटना बिजनौर के थाना नहटौर इलाके की है. जहां गिलाड़ा गांव में रहने वाले निर्दोष की शादी 11 साल पहले धामपुर निवासी संगीता के साथ हुई थी. उनके चार बच्चे भी थे. पिछले 15 दिनों से संगीता अपने मायके धामपुर गई हुई थी. रविवार को निर्दोष अपनी पत्नी संगीता को वापस लेकर आया था.
बीती रात ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. उसके बाद निर्दोष अपने बेटे ऋषभ और अनिकेत के साथ दूसरे कमरे में सोने चला गया. जबकि संगीता अपनी बेटियों माही और ज्योति के साथ नीचे वाले कमरे में थी. देर रात करीब एक बजे संगीता और उसकी दोनों बेटियां बेसुध पाई गई.
उनकी हालत देखकर घरवालों के होश उड़ गए. फौरन तीनों को अस्पताल ले जाया गया. जहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. इस संबंध में पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच में पाया कि रात में ही संगीता ने अपनी दो बेटियों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली.
खूंटी गैंगरेप मामले में फादर अल्फांसो दोषी करार, 15 मई को सजा की सुनवाई…
पुलिस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना नहटौर के गांव गिलाड़ा में रविवार देर रात निर्दोष का अपनी पत्नी संगीता से झगड़ा हुआ था. झगड़े के बाद संगीता अपनी पांच साल की बेटी माही और तीन साल की बेटी ज्योति को लेकर कमरे में चली गई थी. जबकि ऋषभ और अनिकेत अपने पापा के साथ सोने ऊपर चले गए थे.
रविवार और सोमवार की दरम्यिानी रात लगभग डेढ़ बजे परिजनों को संगीता और बच्चियां बेहोशी की हालत में मिले. फौरन उन तीनों को अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस के अनुसार 11 साल पहले दोनों की शादी हुई थी.
एएसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि संगीता और निर्दोष के घरवालों में से किसी ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है और ना ही इस संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत की गई है.





