पंजाब के CM ने PM मोदी को पत्र लिखा और बोले- नशे की रोकथाम के लिए बने राष्ट्रीय ड्रग पॉलिसी

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नशे की रोकथाम के लिए एक बार फिर राष्ट्रीय ड्रग पॉलिसी बनाने का सुझाव दोहराया है। सीएम ने इसके लिए पीएम मोदी को पत्र लिखा है। सीएम ने पीएम से मांग की कि वह गृह, सामाजिक न्याय एवंं सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालयों इस महत्वपूर्ण मसले को सुलझाने की सलाह दें।
बता दें, कैप्टन इससे पहले भी यह मुद्दा उठा चुके हैं। मुख्यमंत्रियों की कांफ्रेंस में भी उन्होंने यह मामला उठाया था। नशे के खात्मे के लिए स्पष्ट विधि-विधान की जरूरत है। कैप्टन ने कहा कि पंजाब की पाकिस्तान के साथ 553 किलोमीटर लंबी सीमा है। इसलिए पंजाब में नशे से निपटना ज्यादा कठिन है। उन्होंंने कहा कि पिछले दो दशकों में नशा तस्करी भारत में ख़तरनाक स्तर पर पहुंंच चुका है।
इन मुद्दों पर भी लिख चुके हैं कैप्टन पीएम को पत्र
इससे पहले कैप्टन प्रधानमंत्री आवास योजना के नियमों में बदलाव करने की मांग को लेकर भी पीएम मोदी को पत्र लिख चुके हैं। कैप्टन ने पत्र में कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र के लिए बनी इस योजना के नियमों के कारण पंजाब को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। योजना के तहत जो नियम है उसमें मिट्टी की दीवारें और छत या झोपड़ी वालों को ही लाभपात्री के दायरे में रखा गया है, जबकि पंजाब में इस तरह के घर मिलने मुश्किल हैं।
कैप्टन ने पीएम से जीएसटी के सरलीकरण को लेकर 101 सुझाव भी दिए हैं। साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों व बिजली को जीएसटी में शामिल करने का सुझाव दिया है। इसे लेकर पूरे देश में बहस चल रही है। उन्होंने जीएसटी के सरलीकरण के लिए 101 सुझाव प्रधानमंत्री को दिए हैं। कैप्टन ने लिखा है कि जीएसटी 1.1 के अंतर को भरने और इसको लागू करने से व्यापार को पेश मौजूदा समस्याओं को खत्म करने के लिए 101 ठोस सुझावों के साथ जीएसटी 2.0 को अमल में लाया जाए।





