निजामुद्दीन मरकज पर योगी सख्त, जानिये क्या दिए आदेश
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए बनी 11 समितियों व शासन के बड़े अफसरों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा- जमात में शिकरत करने वालों को खोजा जाए और जो जहां मिलें, वहीं क्वारैंटाइन किया जाए। लॉकडाउन के बीच सोमवार को तेलंगाना से आई छह कोविड-19 संक्रमितों की मौत ने दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। ये सभी मृतक दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुई तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे।
निजामद्दीन मरकज में हुए तब्लीगी जमात में उत्तर प्रदेश के 157 लोग शामिल हुए थे। इसके लिए 19 जिलों को एलर्ट किया गया है। लखनऊ में छह, बिजनौर में आठ, मथुरा में 21 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। ये सभी जमात में शामिल थे। इनमें कई विदेशी नागरिक भी हैं, जो जमात में शामिल होने के बाद यूपी आ गए। मुख्यमंत्री के साथ अफसरों की बैठक करीब दो घंटे चली। सीएम ने पश्चिमी यूपी में लगातार बढ़ रहे संक्रमण को रोकने के लिए कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कहा- पूरे प्रदेश में लॉकडाउन का पूरी तरह पालन हो, इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने निर्देश दिया है- राशन वितरण प्रणाली और बैंकों से लेनदेन के दौरान भीड़ इकट्ठा न होने दी जाए। पुलिस और होमगार्ड के जवानों की मदद से सारे हेल्थ प्रोटोकॉल पूरे कराए जाएं। सरकार के पास उन लोगों का पूरा आंकड़ा मौजूद है, जिन्हें उत्तर प्रदेश की सीमाओं से प्रदेश के अंदर अलग अलग हिस्सों में भेजा गया है, इन सभी लोगों को हर हाल में चिन्हित कर लिया जाए। इनको हर हाल में क्वारैंटाइन रखा जाए। हर ज़िले में बड़ी संख्या में आश्रय स्थल बनाए जाएं। जो लोग भी लॉकडाउन का पालन करते हुए न दिखें और आश्रयहीन हो उन्हें इन आश्रय स्थलों में रखा जाए।





