नहीं कर सकते हैं हर लड़की की सुरक्षा: मंत्री

हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के सवाल पर कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने मीडिया से पूछा कि क्या घर-घर जाकर शासन या प्रशासन हर लड़की को सुरक्षा दे सकता है।

एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को रोकने के लिए समाज को अपनी सोच बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक, धार्मिक और दूसरे संगठनों को साथ लेकर आंदोलन चलाया जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े नियम बनाए हैं। महिला हेल्प लाइन से लेकर अलग से महिला थाने खोले हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामलों की सुनवाई हो रही है, ताकि जल्द से जल्द महिलाओं को न्याय मिल सके। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान कारगर रहा है। इसके बावजूद यदि अपराध हो रहा है तो कहीं न कहीं समाज का सोचने का नजरिया तंग है, जिसे बदलना जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति चुनाव पर विपक्ष ने खत्म किया इंतजार, बीजेपी के सामने खड़ा होगा ये चेहरा!
बता दें कि पिछले दिनों सोनीपत की एक बेटी की रोहतक में रेप के बाद निर्ममता से हत्या कर दी गई। वहीं, छेड़छाड़ से तंग छात्राएं गांव से बाहर के स्कूलों में पढ़ने जाने के लिए तैयार नहीं हैं। रेवाड़ी के बाद पलवल और गुरुग्राम में भी स्कूल के अपग्रेडेशन को लेकर छात्राएं अनशन कर रही हैं।





