नगर निगम के जोनों के गठन का मामला गरमाया, एलजी और सीएम आमने-सामने

नई दिल्ली.एक बार फिर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आमने-सामने हैं। ताजा विवाद नगर निगमों के जोनों के गठन काे लेकर है। बताया जा रहा है कि तीन माह से भी अधिक समय से तीनों निगमों के द्वारा जाेनों के गठन को लेकर दिल्ली सरकार के पास भेजी गई फाइल को शहरी विकास मंत्री सतेन्द्र जैन और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा रोक कर रखना है।

– उत्तरी नगर निगम की मेयर प्रीति अग्रवाल, स्थाई समिति के अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री और सतेन्द्र जैन से कई बार मिलकर जोन का नोटिफिकेशन करने की मांग की थी।
– इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं करने पर मेयर ने निगम आयुक्त पीके गुप्ता के साथ मिलकर उपराज्यपाल को विस्तृत जानकारी दी थी।
– जिसे उपराज्यपाल ने सही मानते हुए इस फाइल को दिल्ली के मुख्य सचिव के पास भेजकर इसे नोटिफिकेशन करने के निर्देश दिए थे।
– बताया जा रहा है कि उपराज्यपाल से मिलकर कमिश्नर ने दिल्ली सरकार के उस आरोप का भी खंडन कर दिया था कि जिसमें सरकार द्वारा कहा जा रहा था कि जाेन के गठन करने का अधिकार निगम के पास नहीं है। डीएमसी एक्ट (3) 1 के अनुसार निगम को अधिकार है कि वह जोन का गठन कर सकता है जिसे दिल्ली सरकार के पास नोटिफिकेशन के लिए भेजना पड़ता है।





