दुनिया में मचेगा ‘Made in India’ का तहलका, स्टील सेक्टर में पायलट मोड में चली थी योजना

केंद्र सरकार जल्द ही ‘मेड इन इंडिया’ ब्रांडिंग स्कीम लॉन्च करने की तैयारी में है। इसकी तैयारी जोरों पर है। इस ब्रांडिंग स्कीम को लॉन्च करने का मकसद ग्लोबल स्तर पर भारत के प्रोडक्ट को एक नई पहचान देना है। इस योजना का क्या और कैसा असर हो सकता है, इसे देखने के लिए स्टील सेक्टर में इसे पॉयलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया गया। रिस्पांस अच्छा मिला है। ऐसे में अब इस पहल को आगे बढ़ाया जा सकता है।
‘मेड इन इंडिया’ ब्रांडिंग का फ्रेमवर्क उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) ने लगभग तैयार कर लिया है। विभिन्न उद्योगों के साथ परामर्श के बाद इसे शुरू किए जाने की उम्मीद है। डीपीआईआईटी सचिव अमरदीप सिंह भाटिया ने कहा कि जल्द ही इसे लॉन्च किया जा सकता है।
सचिव ने दी जानकारी
DPIIT के सेक्रेटरी अमरदीप सिंह भाटिया ने कहा, “Made in India ब्रांड स्कीम काफी समय से तैयार थी, और आखिरकार इसे लॉन्च किया जा रहा है। हमने स्टील सेक्टर के साथ एक पायलट रन किया था, और यह काफी उत्साहजनक रहा है। हम इंडस्ट्री के साथ और ज्यादा चर्चा करेंगे कि किन-किन सेक्टरों में हम इसे लागू कर सकते हैं, लेकिन इसका फ्रेमवर्क तैयार है।”
किन क्षेत्रों में लागू होगी Made in India ब्रांड स्कीम?
कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के शिखर सम्मेलन में बोलते हुए भाटिया ने कहा कि उद्योग प्रतिनिधियों के साथ चर्चा से उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी जिन्हें ब्रांडिंग अभियान के तहत लाया जा सकता है।
DPIIT के सेक्रेटरी अमरदीप सिंह भाटिया ने कहा कि सरकार ने उन उत्पादों की भी पहचान की है जो या तो भारत में नहीं बनते या फिर अपर्याप्त मात्रा में उत्पादित होते हैं। इनमें ऑटोमोबाइल और मोटरसाइकिल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ऐसे पुर्जे शामिल हैं, जहाँ अभी भी तकनीकी कमियाँ मौजूद हैं।
भारत में मैन्युफैक्चरिंग को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की एक श्रृंखला के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा, “एक और क्षेत्र जिस पर हम काम कर रहे हैं, वह है 100 और उत्पादों को लाना, जिनका निर्माण या तो अभी भारत में नहीं हो रहा है, या फिर जिनका निर्माण इस समय पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रहा है।”
अधिकारियों के अनुसार, केंद्र सरकार मध्यवर्ती वस्तुओं के उत्पादन को बढ़ाने और MSME की क्षमता विस्तार में मदद करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।





