…तो इस वजह से बीजेपी ने बीसी खंडूड़ी को रक्षा समिति के अध्यक्ष पद से हटाया

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि गढ़वाल सांसद बीसी खंडूड़ी को रक्षा समिति का अध्यक्ष भी हमारी सरकार ने ही बनाया था। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी का स्वास्थ्य ठीक नहीं था और सरकार ने जो निर्णय लिया, उसके बारे में उन्हें पूरी जानकारी है। जाजू ने एक प्रश्न के उत्तर में यह बात कही है।

इस दौरान श्याम जाजू से पूछा गया था कि जनरल खंडूड़ी को रक्षा समिति से क्यों हटाया गया? कांग्रेस इसे मुद्दा बना रही है। इस पर जाजू ने कहा, ‘बीसी खंडूड़ी को रक्षा समिति का इतना बड़ा पद, जो आज तक उत्तराखंड में किसी को नहीं मिला था, को देने का काम भी हमारी सरकार ने किया। कोश्यारी जी को भी याचिका समिति का अध्यक्ष पद हमने दिया। अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले अजय टम्टा को मंत्री बनाने का काम भी इसी पार्टी ने किया। स्वास्थ्य को देखते हुए सरकार ने जो निर्णय लिए, वो खंडूड़ी जी को मालूम है।’
लोकसभा में सैन्य पृष्ठभूमि वाला प्रत्याशी न उतारे जाने के प्रश्न पर जाजू ने कहा कि भाजपा ही सैनिकों का सबसे ज्यादा सम्मान करने वाली पार्टी है। वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा सालों से लंबित था। कांग्रेस के जमाने में सैनिकों के लिए पैसा नहीं था। लेकिन ये काम हमारी सरकार ने किया। जिन जवानों की शहादत हुई, उन्हें सम्मान के साथ घर पहुंचाने की शुरुआत वाजपेयी सरकार में हुई। हमारी सरकार ने इसमें सुधार किया। ये भाजपा का चरित्र है। एक आध उम्मीदवार खड़ा हो या न हो, इस बात के प्रमाण की जरूरत भाजपा को नहीं है। गढ़वाल सीट से तीरथ सिंह रावत भाजपा के प्रत्याशी हैं, जिनके परिवार से 15 लोग सेना में हैं।
जाजू ने प्रदेश की पांचों सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि नामांकन ने तस्वीर साफ कर दी है। इस चुनाव में हमारा लक्ष्य पिछले चुनाव से अधिक बढ़त बनाने का है। पार्टी ने कई सांगठनिक कार्यक्रमों के जरिए जो माहौल बनाया है, उसका असर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री ने जो निर्णय लिए, उस पर पूरा देश एकजुट हुआ। उत्तराखंड में इसका बहुत असर हुआ है, क्योंकि उत्तराखंड सैन्य बहुल राज्य है।
जाजू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज किया कि राहुल आज गरीबी हटाने का नारा दे रहे हैं, जबकि यही नारा उनकी दादी इंदिरा ने भी दिया था। जनता कांग्रेस से सवाल पूछ रही है कि 55 साल राज करने वाली कांग्रेस को गरीबी हटाने से किसने रोका था। जाजू ने कहा कि जनता समझदार है और वो कांग्रेस के झांसे में नहीं आने वाली। मध्यप्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में उसने किसानों का कर्ज किस तरह माफ किया, इसे सारा देश जान गया। इस दौरान राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, विनय रोहेला, प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. देवेंद्र भसीन समेत कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।