जिला जेल के पीछे चाय विक्रेता की गोली मारकर हत्या

वाराणसी। यूपी के वाराणसी में बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। बदमाशों ने बुधवार को कैंट इलाके पर स्थित जेएचवी मॉल में दोहरे हत्याकांड की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस घटना का खुलासा भी नहीं कर पाई कि, 24 घंटे बाद ही गुरुवार की रात जिला जेल के पीछे खजुरी में चाय विक्रेता पप्पू यादव (40) की गोली मार कर हत्या कर दी गई।
यह भी पढ़ें- युवक को प्यार करने की मिली ये दिल दहला देने वाली सजा..
बताया जा रहा है बाइक सवार दो बदमाश पप्पू के दरवाजे पर पहले से घात लगाकर बैठे थे। पप्पू के पहुंचते ही उसके सीने और गर्दन पर दो गोली मारकर बाइक से दोनों बदमाश फरार हो गए। पूछताछ में पता चला है कि घटना की वजह घर के नजदीक स्थित जमीन को लेकर पट्टीदार विवाद चल रहा था। पप्पू के बड़े भाई दयाराम की तहरीर पर पट्टीदार राजा के खिलाफ़ कैंट थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है।
बदमाशों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
कैंट थाना अंतर्गत खजुरी निवासी पप्पू की ताड़ीखाना तिराहा के पास चाय की दुकान है। बताया गया है कि रात 11:55 बजे पप्पू बाइक से घर आया और पत्नी आरती को दरवाजा खोलने के लिए आवाज दिया। आरती जब तक दरवाजा खोलती तब तक बदमाश पप्पू पर फायरिंग कर फरार हो गए थे। गोली चलने की आवाज सुन कर आरती और आसपास के अन्य लोग दौड़ कर मौके पर आए और पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल पप्पू को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर एसपी क्राइम, क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात के बाद पुलिस ने छापेमारी की तो पता लगा कि आरोपी पिता-पुत्र घर छोड़ कर फरार हैं। एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीम बनाई गई हैं। मृतक पप्पू के परिजनों ने बताया है कि, जमीन विवाद को लेकर पप्पू को नामजद आरोपियों ने कई बार देख लेने की धमकी दी थी। वहीं, पप्पू की पत्नी आरती और उसके तीनों बच्चों आयुष, यश और आयुषी का रो-रोकर बुरा हाल है।
The post जिला जेल के पीछे चाय विक्रेता की गोली मारकर हत्या appeared first on India Junction News.





