जहानाबाद में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, पूरे जिले में धारा 144 कर दिया लागू

जिले में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो संप्रदायों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया है, जिसके बाद पूरे जिले में बुधवार रात से ही तनाव का माहौल कायम है। तनाव की स्थिति को देखते हुए पूरे जिले को सील कर दिया गया है और मूर्ति विसर्जन पर रोक लगा दी है। एसडीओ के आदेश पर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। शहर में पांच लोगों के एक साथ जमा होने पर पाबंदी लगा दी गई है साथ ही हथियार के साथ चलने पर रोक लगा दी गई है।

जिले में तनाव के माहौल के बीच एडीजी लॉ एंड अॉर्डर रैफ और एसटीएफ की टुकड़ी के साथ जहानाबाद पहुंचे हैं साथ ही गया के के आइजी भी मौजूद हैं। नवादा से बीएमपी, अरवल और गया से भी अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।

बुधवार की रात में मां दुर्गा की प्रतिमा पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त किए जाने  का आरोप लगाते हुए विसर्जन में शामिल लोंगों ने जमकर बवाल मचाया और एक खास समुदाय के लोगों  पर जमकर पथराव किया। इसके साथ ही उनके धर्म स्थल को भी आग के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों संप्रदायों के बीच जमकर हंगामा और पथराव किया गया जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है।

घटना की जानकारी मिलते ही जहानाबाद के जिलाधिकारी नवीन कुमार तथा एसपी मनीष दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। अनियंत्रित भीड़ को  नियंत्रित करने के लिए पुलिस  द्वारा फायरिंग भी की गई ।

फायरिंग के बाद लोग शांत हो गए लेकिन पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस विवाद के बाद विसर्जन के लिए निकलीं देवी दुर्गा की सभी प्रतिमाएं निचली रोड में रुकी हुई है ।

Back to top button