जयपुर में 50 से अधिक बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के मामले में, शिक्षक को उम्रकैद की सजा, 50 हजार रुपये का जुर्माना

जयपुर में 50 से अधिक बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के मामले में शहर की पोक्सो कोर्ट संख्या-3 ने मंगलवार को फैसला सुना दिया है। न्यायाधीश राजेश कुमार सिंघल ने आरोपित शिक्षक रमीज राजा को बच्चों के यौन शोषण का दोषी करार देते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है। उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामले में सह-आरोपित रहे स्कूल संचालक सरवर आलम को बरी कर दिया गया है। करीब सवा दो साल पुराने इस मामले में जयपुर की रामगंज थाना पुलिस ने नौ फरवरी, 2017 को आरोपित शिक्षक रमीज राजा गिरफ्तार किया था। उसके बाद 28 अप्रैल को रमीज राजा के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया गया था। रमीज राजा पर 50 से अधिक बच्चों के साथ कुकर्म कर उनका वीडियो बनाने का आरोप था। सुनवाई के बाद मंगलवार को जयपुर की पोक्सो कोर्ट संख्या-3 ने शिक्षक रमीज राजा को दोषी करार देते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है।ॉ
उल्लेखनीय है कि सवा दो साल पहले मामले का खुलासा होने पर जयपुर में सनसनी फैल गई थ । बड़ी संख्या में पीड़ित बच्चों के सामने आने पर पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई थी। इस मामले में स्कूल संचालक सरवर आलम पर आरोप था उसे कि उसे घटना पता होने के बावजूद मामले को दबाए रखा। पुलिस ने कोर्ट में पेश किए चालान में बताया था कि रमीज राजा एक निजी स्कूल में पढ़ाने के साथ ही बच्चों को घर पर ट्यूशन भी पढ़ाता था। स्कूल के बच्चों को फ्री ट्यूशन पढ़ाने का लालच देकर अपने घर बुलाता और फिर उनके साथ कुकर्म करता था। वह बच्चों का वीडियो भी बनाता था। वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह बच्चें से घर से पैसे मंगवाता था। कुछ बच्चों ने अपने परिजनों को यह बात बताई तो पुलिस ने रमीज राजा को गिरफ्तार किया। उसके बाद 50 बच्चों के परिजन पुलिस थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।





