घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा विद्युत सुरक्षा निदेशालय के कर्मी को

एंटी करप्शन की टीम ने बृहस्पतिवार को विद्युत सुरक्षा निदेशालय के कनिष्ठ सहायक दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 60 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। उसके खिलाफ चिनहट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन की लखनऊ इकाई के पुलिस कप्तान राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि इस कनिष्ठ सहायक की शिकायत न्यू तिलक नगर, ऐशबाग, बाजार खाला निवासी विकास बाथम ने की थी।
यह कनिष्ठ सहायक बाथम से उनकी न्यू तिलक नगर, ऐशबाग स्थित फर्म मेसर्स कृति इंटर प्राइजेज को बिजली लाइसेंस देने के लिए घूस मांग रहा था। घूस न मिलने पर वह बाथम को बार-बार टरका रहा था। परेशान होकर बाथम ने एंटी करप्शन विभाग में उसकी शिकायत की। विभाग के अधिकारियों के कहने पर बाथम ने उसकी मांग पर सहमति जता दी और घूस देने को तैयार हो गया। जैसे ही बाथम ने कनिष्ठ सहायक को घूस की रकम थमाई एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया।





