
गुजरात में द्वारका के निकट अरब सागर में आज पाकिस्तानी मरीन पुलिस की गोलीबारी में भारतीय मछलीमार नौका के चालक दल के एक सदस्य की आज मौत हो गयी।
तटरक्षक दल के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निकटवर्ती बंदरगाह शहर ओखा से समुद्र में मछली मारने के लिए गयी स्थानीय भारतीय मछलीमार नौका प्रेम सागर पर पाकिस्तानी मरीन पुलिस दल ने बिना किसी उकसावे के फायरिंग कर दी। इस घटना में नौका के खलासी इकबाल अब्दुल भट्टी की मौत हो गयी।
बताया गया है कि पाकिस्तान की मरीन सेक्युरिटीज की नौका ने भारतीय जल सीमा में घुस कर इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद तटरक्षक दल उक्त पाक नौका की तलाश कर रही है। समझा जाता है कि पाकिस्तानी मरीन नौका वापस भाग गयी है।