खुशखबरी: रेलवे में होगी 80 हजार से अधिक सेफ्टी कैटेगरी के पदों पर भर्ती

जयपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज है। रेलवे में भर्तियों की तैयारी है। रेलवे 80 हजार से अधिक पदों पर खुली भर्ती (ओपन रिक्रूटमेंट) करने जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ( उपरे) (जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अजमेर) में भी सेफ्टी कैटेगरी के 4755 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इससे बेरोजगार युवाओं को जहां रोजगार मिलेगा वहीं दूसरी ओर मौजूदा रेलकर्मियों पर काम का अतिरिक्त बोझ भी कम होगा।खुशखबरी: रेलवे में होगी 80 हजार से अधिक सेफ्टी कैटेगरी के पदों पर भर्ती 

जानिए और इस बारे में …

– देशभर में रेलवे के 17 (कोलकत्ता मैट्रो रेलवे भी) जोन लंबे समय से कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं। रेलवे के विभिन्न विभागों में पिछले कई सालों से लाखों पद खाली हैं। एक तरफ जहां इंजीनियरिंग विभाग ट्रैकमैन और गैंगमैन की कमी से, मैकेनिकल व ऑपरेटिंग विभाग गार्ड-ड्राइवरों की कमी से, तो यात्रियों की सुरक्षा करने वाला रेलवे सुरक्षा बल जवानों की कमी से परेशान है।
– वहीं दूसरी ट्रेनों के सुरक्षित संचालन से जुड़ा सेफ्टी विभाग भी लगभग 1.75 लाख कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। पिछले दिनों लगातार हुए ट्रेन हादसों से रेलवे की छवि धूमिल हो गई है।
– रेलवे ने अब खुद यह मान लिया है कि इसका प्रमुख कारण लंबे समय से खाली सेफ्टी कैटेगरी के पद हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि जो काम 2 से 3 कर्मचारी करते हैं। वह काम आज अकेले एक कर्मचारी को करना पड़ रहा है। इससे रेलवे सेफ्टी से जुड़े पहलुओं पर लापरवाही की जा रही है जिसके कारण देशभर में आए दिन छोटे-बड़े रेल हादसे हो रहे हैं। इसे लेकर लगातार रेलवे समीक्षा व बैठक कर रहा है।
– एनडब्ल्यूआरईयू के मंडल मंत्री मुकेश चतुर्वेदी व जोनल उपाध्यक्ष विनीत मान ने बताया कि इस संबंध में हाल ही रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी के साथ जेसीएम सेक्रेट्री (स्टाफ साइड) व एआईआरएफ के जनरल सेक्रेट्री एसजी मिश्रा की बैठक हुई थी। एआईआरएफ के एजीएस मुकेश माथुर ने भास्कर से की विशेष बातचीत में बताया कि एआईआरएफ के अधिवेशन में सेफ्टी कैटेगरी के खाली पदों को भरने के लिए विस्तृत चर्चा की गई जिसमें सेफ्टी के 50 प्रतिशत पदों को भरे जाने के लिए रेलवे बोर्ड ने सहमति जताई थी। इसके बाद बुधवार को रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में निर्णय लेते हुए उपरे सहित सभी जोनल रेलवेज में लगभग 80 हजार से अधिक पदों पर खुली भर्ती (ओपन रिक्रूटमेंट) करने के आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि भास्कर लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाता रहा है। जिसके बाद अब उपरे (जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अजमेर) में भी सेफ्टी कैटेगरी के 4755 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। जिससे एक तरफ बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं दूसरी तरफ मौजूदा रेलकर्मियों पर काम का अतिरिक्त बोझ कम होगा। जिससे ट्रेनों व यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित होगी। रेलवे के इन आदेशों के बाद शुक्रवार को उपरे मुख्यालय में दोनों मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों (एनडब्ल्यूआरईयू और यूपीआरएमएस) ने मिठाई बांटी व लिखित में सीआरबी अश्विनी लोहानी को आभार व्यक्त किया।
Back to top button