कोरोना का इंदौर में बढ़ा खतरा, 600 से अधिक लोगों को किया क्वारंटीन

इंदौर। मप्र में कोरोना वायरस पैर पसारता जा रहा है। इसमें इंदौर की हालत सबसे ज्यादा नाजुक बनी हुई है। शहर देश के 16 कोरोना हाॅटस्पाॅट की सूची में शामिल हो गया है। पिछले 24 घंटे में 37 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। शहर में संक्रमितों की संख्या 69 पहुंच गई, जबकि प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 86 हो गया। वहीं कोरोना वायरस के कारण अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है।
शहर में और स्थिति ना बिगड़े, इसलिए लाॅकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। शहर के 21 इलाकों में पैर पसार चुका कोरोना के चलते करीब दो लाख लोगों पर प्रशासन की नजर है। वहीं अब तक मिले संदिग्धोें में 600 से अधिक लोगों को अलग-अलग जगह बनाए गए क्वारंटाइन संेटर में रखा गया है, जबकि 350 से अधिक लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
शहर में बढ़ सकती है संक्रमितों की संख्या
कमिश्नर आकाश त्रिपाठी के मुताबिक, अभी आंकड़े और बढ़ेंगे, क्योंकि अब वे सैंपल जांच में आ रहे हैं, जो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में थे। कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि हो सकता है कि शहर में मरीजों का आंकड़ा 100 से 200 तक जाए, लेकिन हम मानसिक तौर पर तैयार हैं।
मरकज में शामिल हुए थे इंदौर के दो लोग
दिल्ली में आयोजित तब्लीगी मरकज में जमात कार्यक्रम में इंदौर के दो लोग भी शामिल हुए थे। जमात के कुछ लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया था। इसके बाद मकरज में शामिल लोगों की सूची केंद्र द्वारा सभी राज्यों को भेजी गई है। इस सूची के मुताबिक इंदौर के भी 2 कार्यकर्ता मरकज में शामिल हुए थे, जिनके नाम-पते प्रशासन को भेजे गए हैं। हालांकि, पते में स्पष्टता नहीं है, लेकिन प्रशासन-पुलिस इन्हें खोज रहा है। इसके बाद उन्हें क्वारंटाइन कर जांच की जाएगी।
शहर के इन 21 क्षेत्रों में कोरोना का संक्रमण
संक्रमितों का दायरा इंदौर के 21 इलाकों तक फैल चुका है। इन क्षेत्रों को कंटेन्मेंट घोषित किया गया है। इनमें नूरानी नगर, लिंबोदी मेन रोड, चंदन नगर (स्कीम 71), रानीपुरा, स्नेह नगर (सपना-संगीता रोड), मनीष बाग, मैपल वुड (निपानिया), टाटपट्टी बाखल, दौलतगंज (सिलावटपुरा), दौलतगंज (रानीपुरा), दौलतगंज (हाथीपाला), दाऊदी नगर (खजराना), खातीवाला टैंक, श्रीनगर कांकड़, कोयला बाखल, अरिहंत अस्पताल (गुमाश्ता नगर), चंद्रपुरी (मूसाखेड़ी), अहिल्या पल्टन, रविनगर, आजाद नगर, एमआर-9 और श्रीराम कॉलोनी शामिल हैं।

Back to top button