कुछ इस अंदाज में रोहित शर्मा ने विराट और अनुष्का को दी बधाई, बोले…

लिमिटेड ओवर क्रिकेट में टीम इंडिया के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने कप्तान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को बधाई दी है। विराट कोहली ने गुरुवार को ही सोशल मीडिया के जरिए गुड न्यूज शेयर करते हुए बताया कि उनके घर जनवरी 2021 में नया मेहमान आ रहा है। विराट और रोहित इन दिनों युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां सीजन 19 सितंबर से यूएई में ही खेला जाना है। विराट फ्रेंचाइजी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के कप्तान हैं, जबकि रोहित मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालते हैं।

विराट ने ट्विटर पर लिखा, ‘और फिर, हम तीन थे! जनवरी 2021 में आ रहा है।’ विराट के ट्वीट पर रोहित शर्मा ने जवाब में लिखा, ‘आप दोनों को बधाई, नई पारी के लिए शुभकामनाएं।’ रोहित अपनी पत्नी रितिका और बेटी समायरा के साथ ही यूएई पहुंचे हैं। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी टीम ने खिलाड़ियों को अपना परिवार साथ लाने की इजाजत दी है। विराट और अनुष्का ने दिसंबर 2017 में शादी की थी।

कोविड-19 के चलते भारत में मार्च के अंत से लॉकडाउन लग गया था। विराट लॉकडाउन के समय पत्नी अनुष्का के साथ मुंबई के अपने घर में ही थे। विराट आरसीबी टीम के साथ नहीं बल्कि अलग से दुबई पहुंचे थे। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि विराट पांच महीने पूरी तरह से आइसोलेशन में थे और यही वजह थी कि वो मुंबई से बेंगलुरु ना ट्रैवल करके डायरेक्ट दुबई पहुंचना चाहते थे। विराट और अनुष्का की मुलाकात 2013 में एक ऐड शूट के दौरान हुई थी, इसके बाद दोनों करीब आए और कुछ साल डेट करने के बाद शादी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button