कार एक्सिडेंट में एक्टर Santhosh K Nayar की मौत

अभिनेता संतोष के नायर (Santhosh K Nayar) के अचानक निधन से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। 65 वर्षीय अभिनेता की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

मोहनलाल (Mohanlal) और ममूटी (Mammootty) सहित कई दिग्गज अभिनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मोहनलाल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। एक संदेश में उन्होंने संतोष को अपना करीबी दोस्त और भाई बताया। उन्होंने कॉलेज के दिनों से शुरू हुए अपने रिश्ते को याद किया और काफी इमोशनल हो गए।

कार दुर्घटना में हुआ निधन

उन्होंने लिखा, “आज सुबह मुझे बहुत दुखद खबर मिली। मेरे प्रिय संतोष, जिनके साथ मेरा काफी गहरा संबंध था। उनका कार दुर्घटना में निधन हो गया। संतोष कॉलेज में मेरे जूनियर थे और तब से मेरे अच्छे दोस्त और भाई रहे हैं। हमने कई फिल्मों में साथ काम किया। वे दृढ़ निश्चयी और दयालु व्यक्ति थे, जिन्होंने सभी का दिल जीत लिया था। संतोष के असामयिक निधन पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

ममूटी ने भी फेसबुक पर एक श्रद्धांजलि पोस्ट शेयर करते हुए दिवंगत अभिनेता के साथ बिताए अपने समय को याद किया। उन्होंने लिखा, “साथ काम करने के उन पलों को मैं स्नेहपूर्वक याद कर रहा हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।”

साथ में पत्नी भी कर रही थीं सफर

मलयालम अभिनेता संतोष के नायर का मंगलवार सुबह केरल के पथानामथिट्टा में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। अभिनेता जिस कार में यात्रा कर रहे थे, वह एक वैन से टकरा गई। उनके साथ मौजूद उनकी पत्नी घायल हो गईं। वर्तमान में एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

संतोष के नायर ने 1982 में आई फिल्म ‘इथु नजंगलुडे कथा’ से फिल्म जगत में कदम रखा। अपने करियर के दौरान, उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और खलनायक और हास्य भूमिकाओं के लिए सबसे ज्यादा जाने जाते थे।

Back to top button