ए आर रहमान: यौन शोषण में सामने आए कुछ नामों को देख मैं हैरान हूं

मुंबई। बॉलीवुड में यौन शोषण के खिलाफ ‘मी टू अभियान’ की गूंज चारों तरफ सुनाई दे रही है. इसी कड़ी में ऑस्‍कर अवॉर्ड विजेता म्‍यूजिक डायरेक्‍टर ए आर रहमान ने इस अभियान को अपना समर्थन देते हुए कहा है कि यौन शोषण के मामले में जो नाम सामने आए हैं चाहे वे पीड़ितों के हों या आरोपियों के, उनमें से कुछ पर वह काफी हैरान हैं.
रहमान ने अपने ट्विटर पर इस अभियान से जुड़ा अपना एक बयान जारी करते हुए कहा है कि उनका लक्ष्‍य हमेशा एक सुरक्षित वर्किंग एनवायरमेंट बनाने का रहा है.

pic.twitter.com/VmkhntI5ho
— A.R.Rahman (@arrahman) October 22, 2018

अपने बयान में रहमान ने लिखा, ‘मैं मी टू अभियान को नजदीक से देख रहा हूं.. कुछ नामों ने मुझे हिला कर रख दिया है.. चाहे वह पीड़ित का नाम हो या शोषण करने वाले का.. मैं अपनी इंडस्‍ट्री को महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्‍मानजनक बनते हुए देखना चाहता हूं.. सभी पीड़िताएं, जो सामने आ रही हैं उन्‍हें और शक्ति मिले. अपने सभी प्रयासों में, मैं और मेरी टीम बस यही कोशिश करते हैं कि हम एक ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाएं जहां हर कोई खुलकर अपनी रचनात्‍मकता दिखा सकें, सफल हो सकें.’

रहमान ने आगे लिखा, ‘सोशल मीडिया ने इन पीड़िताओं को अपनी आवाज उठाने की एक शानदार आजादी दी है. हालांकि हमें इंटरनेट पर एक न्‍याय व्‍यवस्‍था को तैयार करते हुए काफी ध्‍यान रखना चाहिए, ताकि इसका गलत इस्‍तेमाल न हो सके.’
बता दें कि मी टू अभियान के तहत आलोक नाथ, साजिद खान, विकास बहल, अनु मलिक, भूषण कुमार, शाम कौशल, सौमिक सैन, अभिजीत भट्टाचार्य जैसे लोगों के नाम सामने आ चुके हैं.

Back to top button