एमसीडी चुनाव में करारी हार के बाद AAP, आज रात होगी PAC की मीटिंग

दिल्ली एमसीडी चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी में हाहाकार-सा मचा है. बताया जा रहा है कि कुमार विश्वास और अमानतुल्लाह खान की बयानबाजी से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नाराज़ है. शीर्ष नेतृत्व के अनुसार, ये सभी बातें पार्टी फोरम में रखी जानी चाहिए थी, ना कि मीडिया के बीच में. इस विवाद से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है. इस विवाद को सुलझाने के लिए आप ने अपनी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बुलाई है, यह बैठक सोमरात रात 9 बजे होगी.

एमसीडी चुनाव में करारी हार के बाद AAP, आज रात होगी PAC की मीटिंग

गौरतलब है कि एमसीडी चुनाव में हार के बाद AAP में कोहराम मचा है. एक तरफ कुमार विश्वास के उठाए सवालों पर केजरीवाल सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा समर्थन करते नजर आए, वहीं दूसरी तरफ जामियानगर से विधायक अमानतुल्ला खान ने विश्वास के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विधायक की मानें तो कुमार विश्वास पार्टी में फूट डालने की साजिश में जुटे हैं.

अमानतुल्ला खान का विश्वास पर वार

अमानतुल्ला खान ने कहा, ‘कुमार विश्वास जी आम आदमी पार्टी को हड़पना चाहते हैं और पार्टी को तोड़ना चाहते हैं, वो अपने घर पर विधायकों को बुलाकर कह रहे हैं कि मुझे पार्टी का संयोजक बनवाओ नहीं तो बीजेपी में चलो. बीजेपी हर एक को 30 करोड़ रुपये देने के लिए तैयार है’.

विश्वास के बयान से कपिल मिश्रा सहमत

अमानतुल्ला के आरोप से पहले केजरीवाल के मंत्री कपिल मिश्रा कुमार विश्वास की तरफदारी करते दिखे. ‘आज तक’ से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी में आमूल-चूल परिवर्तन होगा, क्योंकि सभी विधायक, मंत्री, कार्यकर्ता ये चाहते हैं. जो बार-बार हार के लिए ज़िम्मेदार रहे हैं उन्हें घर में बैठना चाहिए’. मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि हार की सभी पहलुओं की समीक्षा होगी. साथ ही शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट पर पार्टी में मंथन ज़रूर होना चाहिए.

Back to top button