जब गरीब के घर में एक बल्ब और पंखे का बिल आया 57 लाख, सबकी बोलती हो गई बंद…

किसी बड़ी फैक्ट्री का बिल ही 57 लाख रुपये आता होगा, लेकिन एक गरीब के घर का बिल 57 लाख आसानी से कैसे आ सकता है। यह ऊर्जा निगम ने एक बार फिर साबित कर दिया है। घर में लगे एक बल्ब और पंखे का तीन माह का बिल करीब 57 लाख रुपये देखकर गरीब के होश उड़ गए। अब वह ऊर्जा निगम के कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन पीड़ित का बिल ठीक नहीं हो सका है। जिसके कारण वह परेशान और चिंतित है।
हापुड़ का है मामला
हापुड़ के गांव चमरी के बाद अब धौलाना क्षेत्र के गांव बझैड़ा कलां में ऊर्जा निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव निवासी रहीस पुत्र हनीफ का परिवार बीपीएल सूची की श्रेणी में शामिल है। पीड़ित के अनुसार, वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है।
बीपीएल सूची के तहत लिया बिजली कनेक्शन
पीड़ित ने बताया कि उसने बीपीएल सूची के तहत ही विद्युत कनेक्शन लिया था। कनेक्शन मिलने के बाद घर में बिजली की आपूर्ति मिलने लगी। जिससे परिवार के लोग बेहद खुश थे। पीड़ित ने मई माह में 2167 रुपये का बिल जमा किया था, लेकिन इस बार उसके घर पर तीन माह का करीब 57 लाख 77 हजार 9 सौ 54 रुपये का गलत बिल पहुंचा।
पहली बार में तो समझ में ही नहीं आया बिल
बिल कितने का है, पहले तो गरीब को यह तक समझ नहीं आया। उसने दूसरे लोगों से बिल के बारे में पूछा तो किसी ने उसे बिल की पूरी जानकारी दी। इतना सुनते ही पीड़ित के होश उड़ गए और वह ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचा। पीड़ित को तीन दिन पूर्व यह बिल भेजा गया था। इसके बाद से वह लगातार अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी कोई सुनने को तैयार नहीं है।
विभाग दबा रहा मामला
व
हीं, अधिकारियों पर मामला तक दबाने के प्रयास का आरोप है। इस संबंध में मुख्य अभियंता आरपीएस तोमर का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र के अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान कर उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए है। साथ ही, अधिशासी अभियंता को मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं। वहीं, उपखंड अधिकारी अश्विनी बेदी का कहना है कि मीटर रीडर की गलती के कारण बिल गलत पहुंचा है। बुधवार को बिल ठीक करा दिया जाएगा।
एक गरीब को भेजा था 128 करोड़ का बिल
बता दें कि हापुड़ के गांव चमरी निवासी गरीब शमीम को भी कुछ माह पहले करीब 128 करोड़ रुपये का बिल गलती से भेज दिया गया था। यहां तक कि इस बिल पर उसका कनेक्शन भी काट दिया गया था। मामला ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के दरबार तक पहुंचा तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पीड़ित का कनेक्शन जोड़ते हुए बिल को ठीक किया गया था।





