राज्य में अब 803 हिमपात प्रभावित मतदेय स्थल: उत्तराखंड


देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 के लिए राज्य के 11 जिलों की 35 विधान सभा सीट हिमपात प्रभावित चिह्नित की गई हैं। इस सीटों पर कुल 803 मतदेय स्थल हिमपात से प्रभावित रहेंगे। इसके साथ ही इन क्षेत्रों के 212 मार्गों के हिमपात के कारण बाधित होने की आशंका जताई गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय इन मतदेय स्थलों पर तैनात कार्मिकों को विशेष सुविधाएं और सामग्र्री मुहैया करा रहा है।
राज्य में इस साल समय से पहले और ज्यादा हिमपात को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने हिमपात प्रभावित मतदेय स्थलों का दोबारा निर्धारण किया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने जानकारी दी कि इनकी संख्या अब 803 होगी। इससे पहले यह 488 थे। इन मतदेय स्थलों पर तैनात कार्मिकों के लिए 5032 स्लीपिंग बैग, जूते और जैकेट की जरूरत होगी। इस सामग्री के वितरण के लिए विभाग ने एजेंसियां भी निर्धारित कर दी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तरकाशी की तीनों सीटों पर कुल 318 मतदेय स्थल और 21 मार्ग हिमपात प्रभावित हैं। इन मतदेय स्थलों पर तैनात कार्मिकों के लिए 1440 स्लीपिंग बैग, जूते और जैकेट की व्यवस्था की गई है। इनके वितरण का जिम्मा एआईएम और आईटीबीपी को दिया गया है।





