उत्तराखंड: माइनस 12 पहुंचा कालापानी का तापमान, पड़ रही खून जमाने वाली ठंड

धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कालापानी में अभी से तापमान माइनस 12 डिग्री पहुंच गया है। पिछले वर्षों तक यहां 15 जनवरी के आसपास माइनस 9 डिग्री तापमान रहता था। पाइपों में पानी जम जा रहा है।
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर नाभीढांग से लिपुपास के बीच करीब दो फुट तक बर्फ जमी है। आईटीबीपी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाभीढांग में रात का तापमान माइनस 16, कालापानी में माइनस 12, कुटी में माइनस 11, गुंजी में माइनस 8 तक पहुंच रहा है। हिमवीरों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों में पहली बार ही ऐसी ठंड पड़ी है।
आईटीबीपी सूत्रों के अनुसार कालापानी में 15 जनवरी के आसपास -9 डिग्री तक ही न्यूनतम तापमान जाता था जो इस बार तीन डिग्री अधिक है। कड़ाके की ठंड पड़ने से हिमवीरों को उच्च हिमालयी क्षेत्र में गश्त करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिथौरागढ़ का अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





