अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने टेक्सस में भारत विरोधी बयानबाजी की निंदा की

अमेरिकी सांसद थानेदार ने टेक्सस के शहर फ्रिस्को में भारत-विरोधी बयानों की निंदा की और कहा कि प्रवासियों ने अमेरिका को मजबूत बनाया है।

खबरों के अनुसार, एक पब्लिक हियरिंग के दौरान इमिग्रेशन और एच-1बी वीजा पर बहस के समय फ्रिस्को पर भारतीयों के कब्जे और भारतीय-अमेरिकी समुदाय को निशाना बनाने जैसी बातें कहीं गईं।

‘नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं’

थानेदार ने कहा, ‘यह नफरत भरी घिनौनी हरकत है। हमारे देश में नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है।’ हाल ही में, इंटरनेट मीडिया पर फ्रिस्को में एक व्यक्ति द्वारा भारतीय झंडा फाड़ने का वीडियो भी वायरल हुआ था।

फ्रिस्को और टेक्सस के अन्य हिस्सों में भारत-विरोधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए थानेदार ने कहा, ‘मैं अमेरिकन ड्रीम की तलाश में अमेरिका आया था। मैं खुशकिस्मत रहा कि मुझे शिक्षा मिली, मैंने व्यापार खड़ा किया, हजारों अच्छी नौकरियां पैदा कीं और अब कांग्रेस में अपने समुदाय की सेवा कर रहा हूं।’

थानेदार ने कहा कि प्रवासी देश को मजबूत बनाते हैं। भारतीय-अमेरिकियों और हर क्षेत्र में उनके अद्भुत टैलेंट का अमेरिकी कहानी में एक खास स्थान है। उन्होंने कहा, ‘मुझे भारतीय-अमेरिकी होने पर गर्व है और मैं हमेशा हर तरह की नफरत और नस्लवाद के खिलाफ खड़ा रहूंगा।’

Back to top button