अमेरिका में चुनाव से पहले अल-कायदा ने दी यह बड़ी धमकी

अमेरिका में चुनाव से पहले अल-कायदा ने दी हमले की धमकी चुनाव की दहलीज पर बैठे अमेरिका में आतंकी संगठन अल-कायदा अमेरिका पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी खुफिया विभाग के अधिकारियों ने न्यूयॉर्क, टेक्सास, वजीर्निया के स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में आगाह किया है। खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि अल-कायदा आठ नवंबर के मतदान से एक दिन पहले एक साथ कई जगहों पर हमले की फिराक में है। सूत्रों के हवाले से सीबीएस न्यूज ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अमेरिकी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने मतदान के दिन साइबर हमले का भी अंदेशा जताया है। कई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि रूस समर्थित हैकरों के इस हमले का नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ने की संभावना है। लेकिन, नतीजों की वैधता पर इससे संदेह पैदा हो सकता है।
वाशिंगटन पोस्ट ने कहा है कि अमेरिकी लोकतंत्र को आघात पहुंचाने का रूस का एक माह लंबा अभियान चुनाव के बाद भी जारी रह सकता है। इससे राजनीतिक उथलपुथल बढ़ने की आशंका जताई गई है। एनबीसी न्यूज ने बताया कि साइबर हमले का सामना करने के लिए एजेंसियां अभूतपूर्व कोशिशें कर रही हैं।
गौरतलब है कि हिलेरी क्लिंटन रूस पर कई मौकों पर डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में साइबर हमले का आरोप लगा चुकी हैं। हालांकि रूस इन आरोपों को खारिज करता रहा है। इस बीच, सूत्रों के हवाले से रायटर ने कहा है कि ई-मेल मामले में हिलेरी के खिलाफ दोबारा शुरू हुई जांच फर्जी दस्तावेजों पर आधारित हैं। आखिरी क्षणों में राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने के मकसद से जांच शुरू की गई है।
तीन फीसद की बढ़त
एबीसी न्यूज ने अपने सर्वे में हिलेरी को तीन फीसद की बढ़त दी है। हिलेरी को 47 और ट्रंप को 44 फीसद मत मिलने के आसार व्यक्त किए गए हैं। रविवार से बुधवार के बीच 1,768 लोगों के साथ फोन पर की गई रायशुमारी पर यह सर्वे आधारित है। वाशिंगटन पोस्ट/एबीसी ने इससे पहले के अपने सर्वे में दोनों उम्मीदवारों को 46-46 फीसद मत मिलने की संभावना जताई थी।
हिलेरी की जीत के आसार
यार्कटाउन के ब्रेंजामिन फ्रेंकलिन एलीमेंट्री स्कूल ने हिलेरी की जीत की भविष्यवाणी की है। एनबीसी न्यूयॉर्क की रिपोर्ट के अनुसार 1968 से लेकर अब तक सभी राष्ट्रपति चुनावों में इस स्कूल की भविष्यवाणी सही रही है। स्कूल में हुए मतदान में हिलेरी को 52 फीसद वोट मिले।
नईदुनिया.जागरण.कॉम से साभार