मनोहर लाल मेदांता में भर्ती, सोमवार शाम को आई थी कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट

गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल देर रात महानगर के मेदांता मेडिसिटी में दाखिल हुए। चंडीगढ़ से वे सोमवार की रात करीब 11 बजे रवाना हुए और करीब ढाई बजे गुरुग्राम पहुंचे। उनकी सोमवार शाम को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। खुद ट्वीट करके उन्होंने इसकी जानकारी दी और फिर अपने संपर्क में आने वालों को कोरोना टेस्ट कराने और आईसोलेट होने का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ 18 अगस्त 2020 को बैठक हुई थी। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया भी मौजूद थे। इस बैठक के दो दिन बाद शेखावत की तबियत बिगड़ी तो उन्होंने कोरोना जांच कराई। इसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐहतियातन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद को क्वारंटाइन करके अपना कोरोना टेस्ट कराया। इससे पहले मुख्यमंत्री भी चंडीगढ़ में कई नेताओं, मंत्रियों से मिल चुके थे।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को हरियाणा के परिवहन मंत्री की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हरियाणा के वीआईपी की बात करें तो अब तक मुख्यमंत्री व विधानसभा स्पीकर के अलावा कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, अंबाला शहर के विधायक, पानीपत ग्रामीण के विधायक महीपाल सिंह ढांडा, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इनके अलावा स्पीकर के पीए एवं भांजे समेत छह विधानसभा के कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। एमएलए हॉस्टल का स्वीपर, तंदूर पर काम करने वाला कर्मचारी व रूम अटेंडेंट भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

Back to top button