हाईटेक हुई रामनगरी, वर्ल्ड क्लास एयरपोर्ट और मॉडर्न स्टेशन ने बदली अयोध्या की तस्वीर

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, शहर में आधुनिक परिवहन सुविधाएं विकसित की गई हैं। महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम जंक्शन और आधुनिक सड़कें (जैसे रामपथ, भक्तिपथ) और ग्रीनफील्ड बाईपास अब अयोध्या को अधिक सुविधाजनक, तेज और आरामदायक बनाते हैं। आइए जानें इनके बारे में।

राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में बड़े पैमाने पर आधुनिक परिवहन सुविधाएं विकसित की गई हैं। अब अयोध्या पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक, तेज और आरामदायक हो गया है।

चाहे आप हवाई जहाज से आएं, ट्रेन से या सड़क मार्ग से, हर रास्ता अब नए रूप में आपको आपकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए तैयार है। आइए इन्हीं सुविधाओं के बारे में जानते हैं, ताकि अगर आप अयोध्या जाने का प्लान बनाएं, तो परिवहन से जुड़ी किसी भी तरह की आशंका आपके मन में न रहे।

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

अयोध्या का महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अब शहर की सबसे बड़ी पहचान बन चुका है। लगभग 6,500 वर्ग मीटर में फैला इसका भव्य टर्मिनल श्रीराम मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित है। यह हवाई अड्डा सालाना 60 लाख यात्रियों की क्षमता रखता है, जो इसे प्रदेश के प्रमुख एयरपोर्ट्स की श्रेणी में रखता है। बड़े विमानों की लैंडिंग सुविधा और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उपलब्धता ने विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए भी यात्रा बेहद आसान कर दी है। हवाई अड्डे के बन जाने से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे महानगरों के साथ-साथ नेपाल और अन्य पड़ोसी देशों से पहुंच भी तेज हो गई है।

अयोध्या धाम जंक्शन

ट्रेन से आने वाले यात्रियों के लिए अयोध्या में अब बिल्कुल नया अनुभव मिलता है। 240 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित अयोध्या धाम जंक्शन तीन मंजिला, मॉडर्न और IGBC प्रमाणित ग्रीन स्टेशन है। स्टेशन में लिफ्ट, एस्केलेटर, चाइल्ड केयर रूम, क्लॉक रूम, वेटिंग रूम और साफ-सुथरे प्लेटफॉर्म जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। करीब 2300 करोड़ रुपए की तीन नई रेल परियोजनाओं ने लखनऊ, दिल्ली, वाराणसी और गोरखपुर जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी को और मजबूत किया है। अब भीड़ के बावजूद यात्रियों को आरामदायक और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिलता है।

आधुनिक सड़कें

अयोध्या शहर की सड़कें अब सिर्फ सुन्दर ही नहीं, बल्कि बेहद सुविधाजनक भी हैं। रामपथ, भक्तिपथ, धर्मपथ, श्रीराम जन्मभूमि पथ- इन मार्गों ने मंदिर तक पहुंचने में लगने वाले समय को काफी कम किया है। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए अयोध्या पहुंचना अब पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। साथ ही, UPSRTC की 24×7 बस सेवा ने बजट ट्रैवल करने वालों के लिए यात्रा को और ज्यादा सुविधाजनक और आसान बना दिया है। चौड़ी सड़कें खासकर त्योहारों और विशेष अवसरों पर ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभालती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

ग्रीनफील्ड बाईपास

अयोध्या की तेज यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण है 67.57 किलोमीटर का ग्रीनफील्ड बाईपास। यह बाईपास शहर को लखनऊ, बस्ती और गोंडा से हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़ता है। इस मार्ग के कारण यात्रा समय में 66.67% की कमी आई है। वहीं औसत गति 250% तक बढ़ गई, जिससे लंबी दूरी की यात्रा बेहद तेज और आसान हो गई है। यह आधुनिक हाईवे शहर के पर्यटन को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button