हरियाणा में कई शहरों का तापमान 35 डिग्री पार, हिसार सबसे गर्म…

हिसार : हरियाणा में रविवार को दोपहर का तापमान उफान पर रहा। सर्वाधिक दोपहर का तापमान हरियाणा में 37.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जो हिसार में रहा। यह तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री सैल्सियस ज्यादा था। हिसार के अलावा भिवानी में 37.3, नारनौल में 36.7, महेन्द्रगढ़ में 36.9, नूंह में 36.2 डिग्री सैल्सियस रहा। रात्रि तापमान 15.0 से 18.9 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा। यमुनानगर का रात्रि तापमान 18.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.5 डिग्री सैल्सियस अधिक था।
मौसम विशेष डा. चन्द्र मोहन ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना हुआ है। इससे सम्पूर्ण इलाके में दिन और रात के तापमान में उफान देखने को मिल रहा है। आमजन को गर्मी का अहसास होने लगा है। राज्य के अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं। मार्च की शुरुआत से गर्मी की विधिवत रूप से आगमन हो चुका है। मार्च के पहले पखवाड़े में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा और तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा। हालांकि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर 11 मार्च और उसके बाद 14 मार्च को एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में पहले पखवाड़े में लगातार मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी।
पिछले कुछ दिनों से हरियाणा में रोजाना तापमान में हल्की बढ़ौतरी दर्ज हो रही है जिसका सीधा असर खेतों में खड़ी फसलों पर दिखाई देने लगा है। जो फसलें 15-20 दिन बाद पकने वाली थीं, उनमें समय से पहले दानों में पकाव आने लगा है। किसानों के लिए यह चिंता का विषय बन सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि बढ़ते तापमान को देखते हुए हल्की सिंचाई करते रहे और नजदीकी कृषि अधिकारियों से मिलते रहे। मार्च के दूसरे पखवाड़े में मौसम में बड़े बदलाव की सम्भावना बन रही है। 19 मार्च और उसके बाद लगातार मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाण में मौसम में बदलाव और बारिश की गतिविधियों की सम्भावना है और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा।





