हरियाणा दौरे पर पहुंचे जेपी नड्डा, BJP कार्यकर्ताओं ने उनका घीया तोरई हुक्के व हल से किया स्वागत

भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हरियाणा दौरे पर पहुंच गए हैं। उनका हरियाणा पहुंचने पर बहादुरगढ़ में भव्य स्वागत किया गया। वह रोहतक में हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मंथन कर चक्रयूह तैयार करेंगे। बहादुरगढ़ पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला और हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित कई भाजपा नेताओं ने नड्डा का स्वागत किया।
रोहतक में भाजपा आज से रचेगी विधानसभा में जीत का चक्रव्यूह, जेपी नड्डा देंगे जीत का गुरुमंत्र
बहादुरगढ़ में स्वागत के बाद जेपी नड्डा रोहतक के लिए रवाना हो गए। बहादुरगढ़ में नड्डा को कार्यकर्ताओं ने घीया, तोरई, शहद, हुक्का और हल भेंट किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह तोहफे हरियाणा के कृषि प्रधान प्रदेश होने के प्रतीक के तौर पर दिए गए। जेपी नड्डा ने स्वागत के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ करने के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी विपक्ष को पछाडऩे के लिए भाजपा ने जीत का चक्रव्यूह तैयार किया है। इस चक्रव्यूह को अभेद्य बनाने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा रोहतक में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। नड्डा दो दिनों के लिए हरियाणा प्रवास पर यहां पहुंचे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में नड्डा का शाही स्वागत किया है।
रोहतक में 27 व 28 जुलाई को भाजपा के मिशन-75 प्लस को लेकर अभियान का आगाज होगा। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास को सफल बनाने के लिए कुल 13 बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों की जिम्मेदारी भी अलग अलग नेताओं को सौंपी गई है। इस दौरान जेपी नड्डा पर्यावरण को बचाने का संदेश देते हुए पौधारोपण भी करेंगे।
शाह के मंत्र से ढहा था हुड्डा पिता-पुत्र का किला
लोकसभा चुनाव से पहले अगस्त 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी तीन दिन के प्रवास पर रोहतक आए थे। अमित शाह ने रोहतक में ही हुड्डा पिता-पुत्र के अलावा विपक्ष का सूपड़ा साफ करने का मंत्र भाजपा को दिया था। अमित शाह की प्लाङ्क्षनग का असर यह रहा कि लोकसभा चुनाव में हुड्डा पिता-पुत्र का किला ढह गया और पूरे विपक्ष का सूपड़ा साफ हो गया। उसी जीत को दोहराने के लिए नड्डा रोहतक आ रहे हैं।
मनो अगेन के लिए चलेंगी मैराथन बैठकें
भाजपा ने भी दोबारा सत्ता पर काबिज होने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा का हरियाणा के रोहतक में यह पहला प्रवास है। विधानसभा में मनो अगेन का लक्ष्य लेकर दो दिन तक मैराथन बैठकों का दौर चलेगा।
यह रहेगा कार्यक्रम
पहले दिन यानि की 27 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की बैठकों का दौर शुरू होगा। जेपी नड्डा 2 बजे तक शक्ति केंद्रों के लगभग 10 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद चार से पांच बजे तक जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, निगम चेयरमैन को जीत का मंत्र देंगे। 5.30 से 6.30 बजे तक जेपी नड्डा द्वारा विधायकों और सांसदों की बैठक लेंगे। इसके बाद सात से 8.30 बजे तक कोर ग्रुप की बैठक होगी। जिसमें 75 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मंथन होगा।





