सोनिया जी चिंता न करें, 15 सालों तक ‘प्रधानमंत्री’ बने रहेंगे नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी रैली के दौरान कहा था कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, कोई शहंशाह नहीं। जिसके बाद अब केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने उनपर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सोनिया जी और कांग्रेस को चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि मोदी अगले 15 सालों तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे। इतना ही नहीं केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने भी सोनिया पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी महारानी के लिए भी कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
रामविलास पासवान ने कहा, सोनिया को ऐसे शब्द नहीं बोलने चाहिए
मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सोनिया गांधी ने कहा था कि मोदी पीएम हैं, शहंशाह नहीं। एक तरफ देश में किसान सुसाइड कर रहे हैं तो प्रधानमंत्री जश्न मना रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार के दो साल के जश्न को लेकर तंज कसा था। जिसके बाद रामविलास पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के बारे में इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल करना उचित नहीं है क्योंकि देश की जनता ने उनको जनादेश दिया है। पासवान ने रॉबर्ट वाड्रा की कथित बेनामी संपत्ति के मुद्दे पर पूछे गए सवालों के जवाब नहीं दिए।
राधा मोहन सिंह ने क्या कहा
राधा मोहन सिंह ने भी सोनिया को निशाने पर लेते हुए कहा कि मैंने न्यूज चैनल पर सुना और देखा जो सोनिया गांधी ने हमारे प्रधानमंत्री के बारे में कहा है। वह अपने दामाद राबर्ट वाड्रा से जुड़े मामलों पर प्रतिक्रिया दे रहीं थीं। लेकिन, एक लोकतांत्रिक देश में किसी बड़े परिवार की बहू को भी महारानी की तरह आचरण नहीं करना चाहिए। बीजेपी के नेता और मंत्री ने इसके अलावा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का मजाक उडा़ते हुए कहा कि वे गरीब लोगों के घर जाकर ‘नौटंकी’ करते हैं।





