सोना ज्वैलर्स के बेसमेंट में सफाई के बाद अगरबत्ती जलाते ही हो गया धमाका…

बिरहाना रोड स्थित सोना ज्वैलर्स के बेसमेंट में शुक्रवार सुबह सफाई के बाद अगरबत्ती जलाते ही धमाका हो गया। इससे कर्मचारी रेशू और वासुदेव झुलस गए, जबकि बेसमेंट की खिड़कियों के शीशे टूट गए। धमाका होने पर आसपास के लोग दौड़े और आनन फानन में बेसमेंट में फसे कर्मचारियों को बाहर निकाला। दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोलकाता निवासी वासुदेव के मुताबिक शुक्रवार सुबह दुकान खोलने के बाद उन्होंने सफाई की थी। इसके बाद रेशू अगरबत्ती जलाने लगा और वह जेवर की सफाई वाला पानी बदलने के लिए उठे। अगरबत्ती जलते ही तेज धमाका हुआ, जिसमें दोनों झुलस गए। सूचना पर कलक्टरगंज पुलिस और लाटूश रोड फायर स्टेशन से दमकल जवान पहुंचे। छानबीन में ग्राउंड फ्लोर पर एक छोटा और एक बड़ा व बेसमेंट में एक बड़ा सिलेंडर रखा मिला है। अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक बेसमेंट में रखे गैस सिलेंडर से गैस लीक हुई जो बेसमेंट में भर गई। अगरबत्ती जलाते ही धमाका हो गया। केमिकल वाला पानी का इस्तेमाल भी इसका कारण हो सकता है। फिलहाल जांच कराई जा रही है।

Back to top button