साध्वी प्रज्ञा ठाकुर कड़ी सुरक्षा के बीच जाएंगी उज्जैन,करेंगी स्नान

sadhvi-pragya_1463543027भोपाल। मालेगांव विस्फोट में एनआईए से क्लीनचिट मिलने के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर बुधवार को उज्जैन में सिंहस्थ स्नान करेंगी। भोपाल से कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच सुबह वे उज्जैन के लिए रवाना होंगी। साध्वी के साथ एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबूलेंस और एक डॉक्टर को भी उज्जैन भेजा जाएगा। क्षिप्रा में स्नान के बाद वे अपने गुरु से भी मुलाकात करेंगी। स्नान और पूजन के बाद शाम होने से पहले उन्हें वापस भोपाल लाया जाएगा।

कुंभ में स्नान करने के लिए साध्वी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा था। इस पत्र में साध्वी ने चेतावनी दी थी उन्हें 21 मई तक सिंहस्थ में स्नान करने की अनुमति नहीं दी गई तो वे अपने प्राण त्याग देंगी। साध्वी ने सोमवार सुबह से भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। राजधानी के पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक अस्पताल में प्रज्ञा ठाकुर का इलाज चल रहा है।

बताया जाता है साध्वी की चेतावनी के बाद मंगलवार को दोपहर में संघ की ओर से भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इस संबंध में संपर्क किया गया था। इसके बाद मंत्रालय में करीब दोपहर 2.30 एक उच्चस्तरीय बैठक की गई। जिसमें साध्वी को बुधवार को तड़के उज्जैन भेजने का निर्णय लिया गया। इस फैसले के बाद जिला प्रशासन को साध्वी को उज्जैन ले जाने की व्यवस्थाएं करने के निर्देश जारी किए गए।

गौरतलब है कि वर्ष 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए बम विस्फोट में महाराष्ट्र एटीएस ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को मुख्य आरोपी बनाया था। बाद में इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई। एनआईए ने इस मामले में गहन जांच के बाद साध्वी के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं मिलने पर उन पर लगे सभी आरोप अदालत से वापस ले लिए थे। इसके बाद मुंबई के स्पेशल एनआईए कोर्ट ने साध्वी को आरोप मुक्त कर दिया। प्रज्ञा के करीबी भगवान झा के मुताबिक अदालत ने प्रज्ञा को सिंहस्थ में जाने और स्नान करने की अनुमति दे दी थी।

Back to top button