साक्षी महाराज का बड़ा बयान, बोले- हम “अयोध्या रिटर्न” नहीं, अब किसी के रोकने से न रुकेंगे

भाजपा के फायरब्रांड नेता सांसद साक्षी महाराज ने यूपी के औरैया जिले में राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है। सांसद का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के रवैये के कारण राम मंदिर निर्माण की आशाएं क्षीण हुईं हैं। बोले सुप्रीम कोर्ट से लोकसभा सुपर है, क्योंकि वह जो भी करती है संवैधानिक करती है।
साक्षी महाराज ने कहा कि अब एकमात्र रास्ता रह गया है कि सरकार अध्यादेश लाए और सोमनाथ की तर्ज पर लोकसभा से कानून बनाकर मंदिर निर्माण कार्य शुरू करवाए, क्योंकि अभी नहीं तो कभी नहीं।
सांसद साक्षी महाराज ने बुधवार को उन्नाव से औरैया जाते समय तिर्वा में पत्रकारों के साथ वार्ता करते हुए राम मंदिर मुद्दे पर बड़ी बेवाकी से मंदिर निर्माण की वकालत की। बोले हम लोग अयोध्या रिटर्न नहीं हैं इसलिए किसी के रोकने से रुकने वाले नहीं।
बताया कि आगामी 25 नवंबर को अयोध्या में बहुत बड़ा सम्मेलन हो रहा है। कहा कि अयोध्या में शिलान्यास के बाद से आज तक आधा घंटे के लिए भी कार्य नहीं रुका है। लगातार पत्थरों को तराशा जा रहा है। आदेश होते ही 2 महीने के अंदर भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।
आगामी लोकसभा चुनाव में कन्नौज में भी भाजपा का ही परचम लहराएगा। भाजपा प्रत्याशी यहां से भारी मतों से जीतेगा।





