संसद असुरक्षा विवाद: संजय राउत बोले- लोकसभा स्पीकर के दावे हास्यास्पद

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के उस दावे को खारिज कर दिया। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस सांसद सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट की ओर बढ़ सकते हैं। उन्होंने इसे हास्यास्पद करार दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट के पास महिलाओं सांसदों का प्रदर्शन से जुड़ा मामला अब बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के इस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया है कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि कांग्रेस सांसद सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट की ओर बढ़ सकते हैं। इसके साथ ही कोई अप्रत्याशित कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने इसे हास्यास्पद करार दिया।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से हम गुलाम बने
पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की वजह से देश खतरे में है। उन्होंने ने दावा किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के कारण देश गुलाम बन गया है। भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले पारस्परिक शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि “अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर लगने वाला शुल्क घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा”।

देश की लोकतांत्रिक परंपराएं चकनाचूर हो जातीं
बुधवार को बिरला ने कहा कि उनके पास ठोस जानकारी है कि कांग्रेस के कई सदस्य प्रधानमंत्री मोदी की सीट की ओर बढ़ सकते हैं। इसके साथ ही कुछ अप्रत्याशित कृत्य कर सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने उनसे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देने के लिए सदन में न आने का अनुरोध किया था। तीन बार स्थगन के बाद जब सदन दोपहर 3 बजे फिर से शुरू हुआ, तो बिरला ने कहा कि अगर यह घटना घटी होती, तो इससे देश की लोकतांत्रिक परंपराएं चकनाचूर हो जातीं।

यह एक कायर सरकार है- राउत
राउत ने कहा “हम मोदी से पहले संसद में हैं। इसके नियमों से वाकिफ हैं। कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम में सबसे बड़े बलिदान दिए और संसद को जन्म दिया। अगर कोई कहता है कि संसद में मोदी को खतरा है, तो यह सरासर झूठ है। आतंकी हमलों में कांग्रेस पार्टी ने अपने पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खो दिया। खतरे से वाकिफ होने के बावजूद वे लोगों के बीच गए और उन पर हमला हुआ। उन्होंने कहा, “यह कहना हास्यास्पद है कि सांसदों के सदन के वेल में प्रवेश करने से प्रधानमंत्री को खतरा पैदा हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह एक कायर सरकार है।

Back to top button