संडे को सुपरफास्ट एक्सप्रेस बनी धुरंधर 2, ऐतिहासिक कमाई से हिलाया बॉक्स ऑफिस

निर्देशक आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर द रिवेंज रिलीज का दूसरा वीकेंड पूरा करने की दहलीज पर खड़ी है। अब तक इस मूवी ने कमाई के मामले में बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा बनाए रखा है और रिलीज के 11वें दिन फिल्म की पकड़ और भी अधिक मजबूत होती हुई नजर आई है।
दूसरे रविवार को धुरंधर 2 ने कमाई के मामले में गर्दा उड़ाया है। आइए जानते हैं कि 29 मार्च को अभिनेता रणवीर सिंह की मूवी ने कितने करोड़ का कारोबार कर लिया है।
धुरंधर 2 ने मचाया धमाल
बीते सप्ताह गुरुवार के दिन सिनेमाघरों में एंट्री मारने वाली धुरंधर 2 ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करके दिखाया है। जो रिलीज के 11वें दिन तक जारी रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार रिलीज के दूसरे संडे को धुरंधर द रिवेंज ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर खबर लिखे जाने तक 70 करोड़ कारोबार कर लिया है।
जोकि अपने आप में महा रिकॉर्ड है। क्योंकि भारतीय सिनेमा की कोई फिल्म ऐसी नहीं रही है कि जिसने दूसरे रविवार को बॉक्स ऑफिस पर इतना अधिक बिजनेस किया हो। इस तरह से 11वें दिन धुरंधर 2 ने अपनी कमाई से एक नया कीर्तिमान रच डाला है। कुल मिलाकर कहा जाए तो धुरंधर 2 सही मायनों में कामयाबी के रथ पर सवार है और हर दिन कलेक्शन में नया रिकॉर्ड बना रही है।
गौर किया जाए धुरंधर 2 के नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तरफ तो अब आंकड़ा 850 करोड़ के करीब पहुंच गया है। इस मामले में भी ये बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे पहले 11 दिन के भीतर कोई भी मूवी इतना अधिक कारोबार करने में सफलता हासिल नहीं कर सकी है।
धुरंधर 2 तोड़ेगी पार्ट वन का रिकॉर्ड
रणवीर सिंह की धुरंधर 2 अब हिंदी सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। पहले पायदान पर धुरंधर पार्ट-1 का नाम मौजूद है, जिसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन 895.96 करोड़ रहा था। माना जा रहा है कि आने वाले वीक में धुरंधर रिवेंज इस मामले में भी नंबर-वन बनती हुई नजर आ सकती है।





