इस भारतीय दिग्गज से बचकर रहना चाहेगी श्रीलंकाई टीम

भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप ‘बी’ का महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में श्रीलंकाई टीम एक भारतीय दिग्गज से बचकर रहना चाहेगी, क्योंकि इस खिलाड़ी का वन-डे में उनके खिलाफ जबर्दस्त रिकॉर्ड रहा है।
टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 124 रनों से रौंदा था। इस मैच में रोहित शर्मा, कप्तान विराट कोहली, युवराज सिंह और शिखर धवन ने जबर्दस्त बल्लेबाजी की थी। लेकिन श्रीलंकाई टीम इन चारों से नहीं, बल्कि एक अन्य भारतीय खिलाड़ी से बचकर रहना चाहेगी। श्रीलंकाई टीम पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी से खौफ खाती है क्योंकि माही का उनके खिलाफ जबर्दस्त रिकॉर्ड रहा है।
धोनी ने अपने एक दशक से ज्यादा के अंतरराष्ट्रीय वन-डे करियर में 287 मैचों में 50.96 की औसत से 9275 रन बनाए हैं। इसमें 10 शतक और 61 फिफ्टी शामिल है। अब यदि उनके श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड पर नजर डाले तो आप पाएंगे कि उन्होंने इस टीम के खिलाफ 57 मैचों में 61.35 की जबर्दस्त औसत से 2086 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 16 अर्द्धशतक शामिल है।
यह भी पढ़े: श्रीलंका से मैच के पहले आई खुशखबरी, रवींद्र जडेजा बने बेटी के पिता
करियर की दो सर्वश्रेष्ठ पारियां श्रीलंका के खिलाफ : माही ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में अपनी पहचान 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ विस्फोटक शतकीय पारी खेलकर बनाई थी। उन्होंने इस मैच में 145 गेंदों का सामना कर नाबाद 183 रन बनाए थे, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है। इसके अलावा धोनी ने 2011 विश्व कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ खेली 91 रनों की नाबाद पारी को कौन भुला सकता है। 2 अप्रैल को मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खुद को बल्लेबाजी क्रम में प्रमोट कर उतरे माही ने 79 गेंदों में 91 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को दूसरी बार विश्व कप चैंपियन बनाया था।
धोनी के इसी खतरनाक रिकॉर्ड के चलते श्रीलंकाई टीम चैंपियंस ट्रॉफी में उनसे बचकर रहना चाहेगी। वैसे भी द. अफ्रीका के हाथों पहला मैच हार चुकी श्रीलंका के लिए यह मुकाबला करो या मरो का रहेगा और वो धोनी से धुलकर इस टूर्नामेंट से बाहर होने का जोखिम उठाना नहीं चाहेगी।