श्रीलंका ने अपने स्‍क्‍वाड में किए बड़े बदलाव, कमिंडु मेंडिस की हुई वापसी

श्रीलंका ने आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप के लिए अपने स्‍क्‍वाड में अहम बदलाव किए हैं। श्रीलंका ने 15 सदस्‍यीय टीम से धनंजय डी सिल्‍वा को बाहर किया जबकि कमिंडु मेंडिस को दोबारा बुलाया।

23 साल के पवन रत्‍नायके और हाल ही में कंधे की चोट से जूझने वाले एहसान मलिंगा भी श्रीलंकाई टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। तेज गेंदबाज प्रमोद मदुशन जगह पाने में कामयाब नहीं हो पाए।

मेंडिस की वापसी क्‍यों

कमिंडु मेंडिस की वापसी चर्चा का विषय बनी, जिन्‍हें पिछले महीने पाकिस्‍तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में प्‍लेइंग 11 में जगह नहीं मिली। इंग्‍लैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले उन्‍हें टीम से बाहर कर दिया गया था। मगर अब उनकी वापसी हो गई है। दरअसल, धनंजय डी सिल्‍वा इंग्‍लैंड और पाकिस्‍तान के खिलाफ तेजी से रन बनाने में संघर्षरत नजर आए।

कमिंडु मेंडिस का पिछले कुछ महीनों में प्रदर्शन उम्‍मीद के मुताबिक अच्‍छा नहीं रहा। उन्‍होंने 2025 की शुरुआत से टी20 प्रारूप में केवल 159 रन बनाए। उनकी औसत 19.87 की रही जबकि स्‍ट्राइक रेट 130.32 का रहा। फिर सामने आया कि धनंजय डी सिल्‍वा को गेंदबाजी के कारण टीम में शामिल किया गया, लेकिन कमिंडु मेंडिस भी इस भूमिका को निभा सकते हैं।

श्रीलंका की कमी उजागर

श्रीलंका ने कमिंडु मेंडिस, पवन रत्‍नायके और दुनीथ वेलालागे को शामिल करके अपने मिडिल ऑर्डर की कमजोरी को भरने की कोशिश की है। पाथुम निसांका, कामिल मिश्रा और कुसल मेंडिस ने टॉप-3 स्‍थान सुरक्षित किए हैं। चरित असलंका और दासुन शनाका का चौथे व पांचवें नंबर पर प्रदर्शन अच्‍छा नहीं रहा है।

किस ग्रुप में है श्रीलंका

बता दें कि टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 का सह-मेजबान श्रीलंका को ग्रुप बी में ऑस्‍ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान और जिम्‍बाब्‍वे के साथ रखा गया है। श्रीलंका टूर्नामेंट के अपने चारों लीग मुकाबले घर में खेलेगा

श्रीलंका का टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में कार्यक्रम

श्रीलंका बनाम आयरलैंड – 8 फरवरी
श्रीलंका बनाम जिम्‍बाब्‍वे – 19 फरवरी
श्रीलंका बनाम ओमान – 12 फरवरी
श्रीलंका बनाम ऑस्‍ट्रेलिया – 16 फरवरी

श्रीलंका का टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 स्‍क्‍वाड

दासुन शनाका (कप्‍तान), पाथुम निसांका, कामिल मिश्रा, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा, चरित असलंका, कमिंडु मेंडिस, जानिथ लियानागे, पवन रत्‍नायके, दुनीथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश थीक्षणा, दुष्‍मंथ चमीरा, मतीश पाथिराना और एहसान मलिंगा।

Back to top button