श्रीलंका के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम, पल्लेकल में होगी दोनों टीमों की टक्‍कर

 श्रीलंका की टीम बुधवार को जब टी-20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में ओमान का सामना करेगी तो उसकी निगाह अपनी बल्लेबाजी विशेषकर बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करने और चोटिल वानिंदु हसरंगा के बाहर हो जाने के बाद नया गेंदबाजी संयोजन तैयार करने पर होगी।

स्पिन गेंदबाज हसरंगा आयरलैंड के विरुद्ध अपने पहले मैच के दौरान हैमस्टि्रंग में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। आईसीसी के इस टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उसे इंग्लैंड से घरेलू सीरीज में 0-3 से करारी हार मिली थी। हालांकि, टूर्नामेंट की सह-मेजबान टीम ने आयरलैंड के विरुद्ध 20 रन की जीत के साथ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की।

हालांकि, इस मैच में उसकी स्पिन गेंदबाजी को खेलने की कमजोरी उजागर हो गई। आयरलैंड ने जब स्पिन गेंदबाज लगाए तो श्रीलंका के बल्लेबाज सातवें और 15वें ओवर के बीच एक भी चौका नहीं लगा सके। ओमान इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगा। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने अपने चार ओवर पूरे किए और तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए।

उनकी जगह दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने अभी तक केवल पांच वनडे और तीन टी-20 मैच खेले हैं। जहां तक ओमान का सवाल है तो उसे जिंबाब्वे के विरुद्ध आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। चौथी बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे ओमान को तेज गेंदबाजी और अतिरिक्त उछाल के सामने संघर्ष करना पड़ा। कोलंबो में उसके शीर्ष पांच बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचने में भी नाकाम रहे।

इटली के विरुद्ध नेपाल की निगाह जीत पर

अपने पहले मैच में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाला नेपाल बुधवार को इटली के विरुद्ध होने वाले टी-20 विश्व कप के मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगा। इटली की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है, जबकि नेपाल ने 12 साल पहले इस टूर्नामेंट में पदार्पण किया था।

उसने 2014 में हांगकांग और अफगानिस्तान को हराया था लेकिन उसके बाद नेपाल एक भी मैच नहीं जीत पाया है। नेपाल की टीम ने इस मैच में पूर्व चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। उसे दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिला था और इटली के विरुद्ध भी पूरी संभावना है कि दर्शक उसे पूरा समर्थन देंगे।

Back to top button