श्रीनगर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर में राष्ट्र ध्वज फहराया

श्रीनगर । शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जोश के साथ मनाया गया। जहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राष्ट्र ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। इस दौरान रंगांरग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। उपराज्यपाल ने इस दौरान स्टेडियम में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में अपना बलिदान देने वाले सेनानियों को याद करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को बनाए रखने व गरीबी, अशिक्षा, महामारी और बुराइयों से मुक्त एक सशक्त समाज की स्थापना के लिए प्रेरित करता है। जम्मू-कश्मीर में फैली कोविड-19 महामारी के कारण सड़कों और समारोह स्थलों पर भीड़ बेशक कम रही लेकिन चौराहों पर जगह.जगह लगे राष्ट्र ध्वज अलगाववाद और आतंकवाद से आजादी के जोश को बयान कर रहे थे।

इस दौरान उपराज्यपाल ने जम्मू कश्मीर के विकास के लिए पांच सूत्रों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में संवैधानिक बदलाव के बाद जम्मू.कश्मीर के संदर्भ में 50 बड़े फैसले लिए गए हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मेरा विश्वास है कि जम्मू और कश्मीर एक भारत श्रेष्ठ भारत के हमारे सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Back to top button