विवेक हत्याकांड से उठा पर्दा, पकड़े गए आरोपियों ने बताई हत्या की वजह

वाराणसी के यूपी कॉलेज के बीकॉम के छात्र विवेक सिंह की 24 फरवरी की रात में हत्या हो गई थी। विवेक सिंह के हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। तरना ओवरब्रिज के पास से पुलिस ने शनिवार की आधी रात गिरफ्तार दो अभियुक्तों के गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्टल 32 बोर व तीन कारतूस भी बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने जब हत्या की जो वजह बताई उसे जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने रविवार को पुलिस लाइन में बताया कि एक अभियुक्त चोलापुर थाने के कुरौली नियार का रहने वाला अभिषेक मिश्रा (20) व दूसरा जौनपुर के चंदवक थाना अंतर्गत बोदरी निवासी हिमांशु तिवारी (20) फिलहाल शिवपुर थाना के बसही पोखरा के पास रह रहे थे।
दोनों यूपी कॉलेज में पढ़ते थे जहां उनकी मुलाकात अनुपम नागवंशी उर्फ कुंदन से हुई। यूपी कॉलेज के हॉस्टल में अनुपम बी ब्लॉक में तथा विवेक सिंह व सर्वेश डी ब्लॉक में रहते थे। दोनों हॉस्टल में शुरू से ही तकरार चलती रही है। 2017 में यूपी कॉलेज में फ्रेशर पार्टी के दौरान अनुपम नागवंशी शराब पीने के बाद सर्वेश सिंह को गाली देने लगा।
इसी बात पर विवेक सिंह बीच बचाव करने आया तो अनुपम, विवेक को भी गाली देने लगा। इसी बात पर विवेक ने सभी के सामने अनुपम को थप्पड़ मार दिया था। कुछ दिन के बाद अनुपम व अतुल सिंह ने सर्वेश को गोली भी मारी थी जिस संबंध में दोनों जेल भी गये।
ऐसे बनाई थी हत्या की योजना
अभियुक्तों के अनुसार 24 फरवरी को आशापुर में एक शादी में अनुपम, अंकित सिंह सेंगर, हिमांशु तिवारी, शिवम सिंह उर्फ केजे, अतुल पांडेय, राहुल राजपूत, पवन सिंह उर्फ चिंटू तथा अभिषेक के गांव के ही रहने वाले शुभम सिंह उर्फ गोलू, कुंदन सिंह और सुनील सिंह मिले। वहीं गोली मारने की योजना बनी।
अभिषेक मिश्रा, सुनील सिंह तथा शुभम सिंह उर्फ गोलू को पिस्टल व कारतूस दिए गए। सभी पीजी हॉस्टल गेट पर खड़े थे। विवेक तीन चार लोगों के साथ कॉलेज गेट की तरफ जा रहा था। हिमांशु व अतुल ने विवेक को बुलाया और शुभम, सुनील तथा अभिषेक ने विवेक पर फायरिंग की। लेकिन अभिषेक की पिस्टल फंस गई।
सुनील सिंह और शुभम सिंह उर्फ गोलू ने विवेक सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वहां से भाग गए। एसएसपी ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी होगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ शैलेश कुमार मिश्र, एसआई विनोद कुमार मिश्र, कां. अखिलेश सिंह, देवाशीष सिंह, राहुल सिंह आदि शामिल रहे।





