विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा: कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन

राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। विरोध के कपड़ों में प्रवेश को लेकर मार्शलों से धक्का-मुक्की हुई। टीकाराम जूली के नेतृत्व में विधायकों ने नारेबाजी कर सरकार को घेरा।
राजस्थान विधानसभा के सत्र के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार जारी है। मानसून सत्र के दौरान हर दिन किसी ने किसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। अपने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पहले कांग्रेस विधायकों विधानसभा परिसर में कानून व्यवस्था के हालातों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक बिगड़ती कानून व्यवस्था के नारे लिखे हुए पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे थे। भजन सरकार होश में आओ, सरकारी जमीनों की चोरी बंद करो जैसे नारे लगाए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भाजपा सरकार को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल बताया।
कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर के मीडिया लॉन के पास इकट्ठा होकर ‘नारेबाजी करते हुए मुख्य भवन के दरवाजे पर पहुंचे। इसके बाद यहां कुछ देर तक नारेबाजी की गई। इसके बाद कांग्रेस विधायक पोस्टर पहनकर सदन में प्रवेश करने पर अड़ गए लेकिन सुरक्षा में तैनात मार्शलों ने उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। इस पर कांग्रेस विधायकों और मार्शलों के बीच तनातनी और धक्का-मुक्की हो गई। ह कांग्रेस विधायक इस बात पर अड़ गए कि वे विरोध वाले कपड़ों में ही सदन में प्रवेश करेंगे। हालांकि सदन में कांग्रेस विधायकों ने पोस्टर उतार कही प्रवेश किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है, महिलाओं पर अत्याचार और बढ़ते अपराधों पर सरकार चुप है। इससे पहले 5 सितंबर को भी कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर फसल खराबे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। इसमें नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ट्रैक्टर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद सदन की कार्यवाही के बीच कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी और हंगामा किया था। इस हंगामे के बीच ही तीन बिल पारित करके सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।