विधानसभा के बाद लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस

जयपुर: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की जीत का जश्न अभी थमा ही नहीं है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है. राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों पर जीत दिलाने वाले मजबूत नेताओं की तलाश शुरू हो गई है. जिला स्तर पर बैठको के दौर के बाद अब प्रदेश स्तर पर नामों को खंगाला जा रहा है. जूतों के दावेदार नेताओं की ताकत का आंकलन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में जयपुर में पिछले 2 दिनों से लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की कवायद जारी है.विधानसभा के बाद लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस

राजस्थान में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है. कांग्रेस ने इसे मिशन लोकसभा 25 नाम दिया है. मिशन लोकसभा 25 को कामयाब बनाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद कमान संभाली है. प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों के लिए अलग अलग मंथन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में कांग्रेस के आला नेता प्रत्येक लोकसभा सीट के सभी नेताओं मंत्रियों विधायकों और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक ले रहे हैं. उनसे नाम और सुझाव भी लिए जा रहे हैं. राय मशवरा किया जा रहा है और जिताऊ उम्मीदवार के बारे में विचार-विमर्श हो रहा है.

जयपुर में मंगलवार को बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली लोकसभा सीट को लेकर मंथन हुआ तो बुधवार को जयपुर की शहर और ग्रामीण सीट के अलावा अजमेर, जालौर, सिरोही, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा सीट पर चर्चा की गई. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी वरिष्ठ मंत्रियों में रघु शर्मा बीडी कल्ला जैसे नेता इन बैठकों में मौजूद रहे. इसके अलावा प्रभारियों से भी फीडबैक लिया गया है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राजस्थान में इस बार कांग्रेस 25 की 25 सीट जीतेगी.

Back to top button