विजयी आगाज और वर्ल्ड रिकॉर्ड… अमेरिका को रौंदकर भारत ने रचा इतिहास; सूर्या बने संकटमोचक

खिताब बचाने के मिशन पर निकली टीम इंडिया की शुरुआत भले ही संघर्षपूर्ण रही, लेकिन उसका अंत ऐतिहासिक रहा। वानखेड़े की पिच पर जब भारतीय टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव संकटमोचक बनकर उभरे।
सूर्या की जुझारू पारी और मोहम्मद सिराज के शुरुआती घातक स्पैल के दम पर भारत ने अमेरिका को 29 रनों से मात दी। इस जीत के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का ‘ऑल टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड’ अपने नाम कर लिया है।
T20 World Cup 2026: भारत ने बना डाला ‘ऑल टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड’
दरअसल, T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने पहले मैच में मेजबान टीम (India National Cricket Team) पहले बैटिंग करने आई और इस दौरान टीम ने 77 रन के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। टीम इंडिया काफी मुश्किल में थी, क्योंकि पिच की धीमी गति और USA के गेंदबाजों की शानदार बॉलिंग ने भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप को हिला दिया था।
हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार (India Skipper Suryakumar Yadav) ने जरूरत पड़ने पर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी नाबाद 84 रनों की पारी ने डिफेंडिंग चैंपियन को 161/9 के स्कोर पहुंचाया। उन्होंने बीच के ओवरों में अक्षर पटेल के साथ 7वें विकेट के लिए 41 रनों की छोटी साझेदारी करके पारी को संभाला। अक्षर पटेल ने 14 रन बनाए। कप्तान ने आखिरी कुछ ओवरों में ताबड़तोड़ बैटिंग की और 15 ओवर के बाद 94/6 के स्कोर से, उन्होंने मेजबान टीम को आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बनाने में मदद की, जिसमें आखिरी ओवर में 21 रन बने।
गेंदबाजों ने अपना काम बखूबी किया
पिछले विश्व कप में पाकिस्तान को हराने वाली यूएसए की टीम इस बार पिच की परिस्थितियों के आगे टिक नहीं सकी। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनकी एक न चली, जहां जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम में देरी से शामिल हुए मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। इन गेंदबाजों की बदौलत भारत ने यूएसए को 29 रनों से मात दी।
भारत का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया (Team India Historic Win Vs USA) ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान हासिल किया। ये टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की लगातार 9वीं जीत थी, जो अब किसी भी टीम द्वारा दर्ज की गई सबसे ज्यादा लगातार जीत का रिकॉर्ड है।
भारत के जीत का ये सिलसिला 2024 वर्ल्ड कप में शुरू हुआ था, जहां उन्होंने बारबाडोस में खिताब जीतने के लिए लगातार 8 मैच जीते थे। इससे पहले भारत, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ बराबरी पर था, क्योंकि इन तीनों टीमों के नाम लगातार आठ-आठ जीत दर्ज थीं।
T20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा जीत
9- भारत (2024-26) *
8-साउथ अफ्रीका (2024)
8-ऑस्ट्रेलिया (2022-24)
7-भारत (2012-14)
इसके अलावा ‘मेन इन ब्लू’ ने वानखेड़े में एक और रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 161 रन का जो टोटल डिफेंड किया है, वो अब इस वेन्यू पर पहले बैटिंग करने वाली टीम द्वारा जीता गया सबसे कम स्कोर है। इस वेन्यू पर पिछला सबसे कम डिफेंड किया गया स्कोर भी भारत के नाम था, जब उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 162 रन बनाकर भी जीत हासिल की थी।





