लोकसभा में भाषण देते वक्त कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बिल का किया विरोध…

अनुच्छेद 370 को लेकर मंगलवार को लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में भाषण देते वक्त कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बिल का विरोध किया। उनकी इस टिप्पणी पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि हेडलेस कांग्रेस (headless Congress) अब ब्रेनलेस (brainless) भी हो गई है। लोकसभा में कांग्रेस नेता द्वारा जम्मू-कश्मीर पर बिल पेश करने के पीछे की वैधता पर सवाल उठाने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
चौधरी ने कहा था कि आप कहते हैं कि यह एक आंतरिक मामला है। संयुक्त राष्ट्र 1948 से स्थिति की निगरानी कर रहा है। तब शिमला समझौता और लाहौर घोषणा हुई। क्या यह द्विपक्षीय मामला है या आंतरिक मामला है। चौधरी ने आगे कहा कि उन्हें सत्ता पक्ष से इस मामले पर स्पीष्टीकरण चाहिए। टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा ‘बिना सिर की कांग्रेस अब बुद्धिहीन हो गई है।
उन्होंने आगे कहा कि आप कैसे कह सकते है कि कश्मीर हमारा अभिन्न अंग नहीं है और यह हमारा आंतरिक मुद्दा नहीं है। कांग्रेस को हुए नुकसान की वजह से वह दिवालिया हो गई है। नकवी ने आगे कहा कि संसद में सोनिया गांधी थीं, राहुल गांधी वहां थे, लेकिन किसी ने उन्हें ये टिप्पणी करते वक्त नहीं रोका। जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के लिए राज्यसभा में बिल पेश किया था। जिसे राज्यसभा से मंजूरी मिल गई है।





