लोकसभा चुनाव: अमित शाह आज उधमपुर और सुंदरबनी में दो रैलियों को करेंगे संबोधित

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज पार्टी प्रत्याशियों डा.जितेंद्र सिंह व जुगल किशोर के समर्थन में दो रैलियां करेंगें। यह रैलियां राजोरी जिले के सुंदरबनी के ठंडा पानी व उधमपुर के सुभाष स्टेडियम में होंगी।लोकसभा चुनाव: अमित शाह आज उधमपुर और सुंदरबनी में दो रैलियों को करेंगे संबोधित

दोनों रैलीस्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जोरशोर से जुटे हुए हैं। लोकसभा चुनावों में शाह का यह पहला दौरा है।

सुंदर बनी में रैली के लिए पहले नगर के साथ सटे सैन्य ग्राउंड का चयन किया गया था परंतु अनुमति नहीं मिलने के बाद इसे दो किलोमीटर दूर ठंडा पानी में आयोजित किया जा रहा है। यहां करीब 10-15 हजार के करीब लोगों के जुटने की संभावना है।

उधर उधमपुर में सुभाष स्टेडियम में होने वाली रैली की तैयारियां मंगलवार को दिन भर चलती रहीं। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस ने पूरे स्टेडियम को कब्जे में ले लिया। अमित शाह के करीब दोपहर करीब सवा दो बजे पहुंचने की संभावना है। रैली में टेंट लगाने व झंडियां लगाने का काम रात तक चलता रहा।

भाजपा ने रैली की तैयारियां सोमवार रात को ही शुरू कर दी थी। सोमवार रात को रैली का सामान सुभाष स्टेडियम में पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं बुधवार को सुबह होते ही भाजपा के नेता व कार्यकर्ता भी सुभाष स्टेडियम में पहुंच गए और तैयारियां शुरू कर दी। एक तरफ तो टेंट लगाने, मंच तैयार करने का काम चल रहा था तो दूसरी तरफ भाजपा के नेता व कार्यकर्ता पार्टी की झंडियां तैयार कर स्टेडियम में लगा रहे थे।

मंगलवार शाम तक पूरा मैदान भाजपा की झंडियों से भर गया था। इसके अलावा स्टेडियम के आसपास के घरों को भी झंडियों से भर दिया गया था। स्टेडियम के आसपास जहां पर भी नजर जा रही थी, वहीं भाजपा की झंडियां नजर आ रही थीं। मंच तैयार करने का शाम तक पूरा नहीं हुआ था। स्टेडियम की सुरक्षा के लिए कुछ एसओजी के जवान दोपहर को पहुंच गए थे।

वहीं शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस की टीम ने पूरे स्टेडियम की सुरक्षा को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने किसी को स्टेडियम के अंदर जाने से मना नहीं किया। एक तरफ तैयारियां चल रही थी, तो दूसरी खिलाड़ी अपने खेल का अभ्यास कर रहे थे। रैली की तैयारियों के दौरान ही शाम के समय प्रशासन व नगर परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची और तैयारियों का जायजा लेने लगी।

स्टेडियम में प्रवेश करने वाला मार्ग पूरी तरह से बदहाल था, इसलिए जेसीबी को मौके पर बुलाकर मिट्टी भर कर मार्ग को तैयार किया गया। भाजपा नेताओं ने बताया कि रैली की तैयारियां बुधवार को भी जारी रहेंगी। अमित शाह के बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे पहुंचने की संभावना है और उनके पहुंचने से पहले ही सारी तैयारी पूरी कर ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button