लवली आनंद ने कहा- ‘2025 में 225, फिर से नीतीश’ नारा बनेगा हकीकत

सांसद लवली आनंद ने अपने पति एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन के हालिया बयान को सही ठहराया, जिसमें कहा गया था कि इस बार भूरा बाल तय करेगा कि राज्य के सिंहासन पर कौन बैठेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस पर अनावश्यक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
जदयू सांसद लवली आनंद ने मंगलवार को जहानाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बिहार की नीतीश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि लगातार ‘भूरा बाल साफ करने’ जैसी बातें कही जा रही हैं, जो गलत और गैर-जिम्मेदाराना हैं।
आनंद मोहन के बयान का किया समर्थन
सांसद लवली आनंद ने अपने पति एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन के हालिया बयान को सही ठहराया, जिसमें कहा गया था कि इस बार भूरा बाल तय करेगा कि राज्य के सिंहासन पर कौन बैठेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस पर अनावश्यक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
प्रशांत किशोर पर प्रतिक्रिया
जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा मंत्री अशोक चौधरी पर 200 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप लगाने पर सांसद लवली आनंद ने कहा कि समय आने पर अशोक चौधरी उचित जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में जनता ही अंतिम निर्णय करेगी और ऐसे आरोपों का जवाब वक्त आने पर मिलेगा।
केंद्र और राज्य सरकार के काम गिनाए
लवली आनंद ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चौमुखी विकास हो रहा है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं पर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इन सुविधाओं का लाभ सभी जाति और धर्मों के लोग समान रूप से नहीं ले रहे हैं?
2025 चुनाव को लेकर दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद ने कहा कि ‘2025 में 225, फिर से नीतीश’ का नारा हकीकत साबित होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता किसी भी बहकावे या गुमराह करने वाली राजनीति में नहीं आएगी और एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।





