रूस और यूक्रेन के बीच थमेगा युद्ध? पुतिन ने जेलेंस्की के सामने रखा वार्ता का प्रस्ताव

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने युद्ध खत्म करने के संबंध में यूक्रेन के साथ सीधे वार्ता का प्रस्ताव रखा है। साथ ही वार्ता के लिए तुर्किये के शहर इस्तांबुल का नाम सुझाया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया है और इसे रूस व यूक्रेन के लिए महान दिन बताया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुतिन के प्रस्ताव को सकारात्मक बताया है लेकिन इसकी शुरुआत युद्धविराम से होने की आवश्यकता जताई है। कहा है कि यह युद्धविराम पूर्ण और अस्थायी होना चाहिए। जेलेंस्की ने कहा, वह खुद इस्तांबुल में पुतिन से वार्ता के लिए मौजूद रहेंगे।
15 मई को हो सकती है वार्ता
पुतिन ने कहा है कि यह वार्ता 15 मई को हो सकती है। यह वार्ता बिना पूर्व शर्त के शुरू हो सकती है। पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के बीच 2022 में भी वार्ता हुई थी लेकिन कुछ गलतफहमियों के चलते उक्त वार्ता आगे नहीं बढ़ पाई थी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि यूक्रेन में शांति स्थापित करने की दिशा में वार्ता पहला कदम हो सकती है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
कई नेताओं ने किया पुतिन के प्रस्ताव का स्वागत
यूक्रेन में युद्ध तत्काल रुकना चाहिए। इससे शांति वार्ता के लिए माहौल बनेगा। यूरोप के अन्य नेताओं ने भी पुतिन से युद्धविराम के लिए तैयार होने को कहा है। इससे पहले शनिवार को कीव पहुंचे फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और पोलैंड के नेताओं ने रूस से तत्काल युद्धविराम की मांग रखी थी।