राहत : यूपी में तीन रुपये सस्ती हो गयी CNG
लखनऊ : कोरोना वायरस के कहर के बीच एक सुखद खबर यह है कि यूपी में सीएनजी तीन रुपए हुई सस्ती हो गई है। सीएनजी अब 59.50 रुपए प्रति किलो मिलेगी। अभी तक सीएनजी 62.50 रुपए प्रति किलो मिल रही थी। घरेलू पीएनजी में भी 50 पैसे प्रति यूनिट की कमी आई है। पीएनजी अब 29.50 प्रति यूनिट मिलेगी। नई दरें लागू हो गई हैं।
बीते नौ माह में सीएनजी की कीमतों में दूसरी बार कटौती हुई है। केन्द्र सरकार द्वारा गैस के मूल्यों में कमी किए जाने के कारण सीएनजी व पीएनजी के दामों में कमी आई है। सीएनजी व पीएनजी के दामों में यह बदलाव लखनऊ समेत आगरा व उन्नाव में भी लागू होंगे।
गौरतलब है कि नेचुरल गैस के दाम हर साल एक अप्रैल और एक अक्टूबर को तय किए जाते हैं। 1 अप्रैल को कीमत की समीक्षा के बाद ये कटौती का ऐलान किया गया है। नेचुरल गैस का इस्तेमाल उर्वरक और बिजली उत्पादन में किया जाता है।
दरअसल, केंद्र सरकार ने देश में उत्पादित प्राकृतिक गैस के बिक्री मूल्य में 31 मार्च को 26 फीसदी की बड़ी कटौती की थी और इस तरह 2014 में घरेलू गैस का मूल्य निर्धारण फॉर्मूला आधारित बनाए जाने के बाद दाम सबसे निम्न स्तर पर आ गए।





