राजस्थान रॉयल्स के लिए बुरी खबर, पहले मैच में नहीं खेलेंगे ये दो दिग्गज खिलाड़ी

दुबई। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीवन स्मिथ और जोस बटलर शारजाह में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे।
इंग्लैंड के धुरंधर खिलाड़ी जोस बटलर ने रविवार को खुलासा किया कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अनिवार्य क्वारेंटीन में होने के कारण चेन्नई के खिलाफ टीम के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। राजस्थान रॉयल्स ने सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बटलर ने कहा, “मैं क्वारेंटीन में वक्त गुजारने के कारण बदकिस्मती से राजस्थान रॉयल्स के लिए पहले मैच में अनुपलब्ध रहूंगा। मैं यहां अपने परिवार के साथ हूं। यह सुखद है कि रॉयल्स ने मुझे अपने परिवार को यहां साथ लाने दिया है। यह एक बड़ी मदद है।”
राजस्थान को स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स की सेवाएं भी नहीं मिल पाएंगी जो अपने पिता के ब्रेन कैंसर का पता चलने के कारण क्राइस्टचर्च में अपने परिवार के साथ हैं। इसके अलावा नियमित कप्तान स्टीव स्मिथ को मैनचेस्टर में नेट्स अभ्यास के दौरान सिर में चोट लगी थी और वह एकदिवसीय सीरीज खेलने से चूक गए थे। स्मिथ राजस्थान के आईपीएल में होने वाले शुरुआती मैच के लिए भी अनुपलब्ध रहेंगे।
The post राजस्थान रॉयल्स के लिए बुरी खबर, पहले मैच में नहीं खेलेंगे ये दो दिग्गज खिलाड़ी appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





