राजस्थान में मौसम का पलटवार, स्वाइन फ्लू से दो दिन में 9 पीड़ितों की मौत

प्रदेश में मौसम में हुए बदलाव से स्वाइन फ्लू पीड़ितों की जान पर बन आई है. बारिश के बाद फिर बढ़ी सर्दी ने मार्च माह के महज दो दिनों में ही नौ स्वाइन फ्लू पीड़ितों को मौत की नींद सुला दिया है. स्वाइन फ्लू के प्रकोप से जूझ रहे प्रदेश में गत शुक्रवार और शनिवार को नौ स्वाइन फ्लू पीड़ितों की मौत हो गई. इनमें शुक्रवार को जहां चार स्वाइन फ्लू पीड़ितों ने दम तोड़ा, वहीं शनिवार को पांच पीड़ित मौत की आगोश में समा गए.राजस्थान में मौसम का पलटवार, स्वाइन फ्लू से दो दिन में 9 पीड़ितों की मौत

दो दिनों में नौ पीड़ितों की मौत से स्वास्थ्य महकमा हिल उठा है. प्रदेश में इस वर्ष स्वाइन फ्लू से अब तक 146 पीड़ितों की मौत हो चुकी है. वहीं स्वाइन फ्लू पीड़ितों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है. प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के अब तक 4,274 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं. शनिवार को राजसमन्द और चित्तौडगढ में 2-2 और बांसवाडा में 1 पीड़ित की मौत दर्ज की गई है. शनिवार को प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 45 नए पॉजिटिव केस और सामने आए हैं. इनमें सर्वाधिक 27 केस जयपुर में सामने आए हैं. इसके अलावा चित्तौडगढ़ और अलवर समेत अन्य जिलों में भी पॉजिटिव केस सामने आए हैं.

सर्वाधिक मौतें जोधपुर में, सर्वाधिक पॉजिटिव जयपुर में
उल्लेखनीय है कि इस बार स्वाइन फ्लू ने प्रदेश में जमकर कहर बरपाया है. स्वाइन फ्लू से सर्वाधिक प्रभावित जोधपुर संभाग रहा है. वहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं. जबकि सबसे ज्यादा पॉजिटिव राजधानी जयपुर में पाए गए हैं. स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं.

Back to top button